डीएवी सीएमसी ने प्रत्येक स्वर्ण पदक विजेता को दिया 5,100 रुपये का प्रोत्साहन चेक, प्राचार्य ने खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को दी बधाई

रांची। डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स प्रतियोगिता सत्र 2025-26 में डीएवी पब्लिक स्कूल गांधीनगर, सीसीएल, रांची के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर 25 स्वर्ण पदक अपने नाम किए। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर डीएवी कॉलेज मैनेजिंग कमेटी (डीएवी सीएमसी) की ओर से प्रत्येक स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी को 5,100 रुपये का प्रोत्साहन चेक प्रदान किया गया। सोमवार को विद्यालय परिसर में प्राचार्य प्रदीप कुमार झा ने खिलाड़ियों को चेक सौंपे।
राष्ट्रीय स्तर पर 25 स्वर्ण पदक हासिल करना विद्यालय के लिए बड़ी उपलब्धि है। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने खिलाड़ियों की सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन, लगन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि ने विद्यालय का गौरव बढ़ाया है।
खेल से विकसित होते हैं नेतृत्व और आत्मविश्वास के गुण
विद्यालय के प्राचार्य प्रदीप कुमार झा ने सभी पदक विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और संघर्षशीलता जैसे गुण विकसित होते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों की सफलता में योगदान देने वाले खेल प्रशिक्षकों के समर्पण और अथक प्रयासों की भी सराहना की। प्राचार्य ने उम्मीद जताई कि विद्यार्थी भविष्य में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय तथा देश का नाम रोशन करेंगे।
इस सफलता के पीछे विद्यालय के खेल प्रशिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रशिक्षक गोविंद झा, कौशल कुमार, स्वाति शिप्रा और निशा कुमारी ने खिलाड़ियों को लगातार प्रशिक्षण, उचित मार्गदर्शन और प्रोत्साहन दिया। विद्यालय प्रबंधन ने सभी खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं।


