आदित्यपुर के आरआईटी थाना क्षेत्र स्थित मार्ग संख्या-4 में हुई वारदात, पीठ में गोली लगने से हुए घायल… चिकित्सकों के अनुसार हालत स्थिर और खतरे से बाहर

जमशेदपुर, 2 नवंबर: जमशेदपुर से सटे आदित्यपुर के आरआईटी थाना क्षेत्र में सोमवार को एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई। यहां मार्ग संख्या-4 में 111 सेफ लाइफ अस्पताल के निदेशक डॉ. ओपी आनंद को उनके सगे बड़े भाई सत्य प्रकाश सुधांशु ने गोली मार दी। गोली डॉ. आनंद की पीठ में लगी, जिससे वह घायल हो गए। घटना के बाद उन्हें तत्काल जमशेदपुर स्थित टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) में भर्ती कराया गया।
चिकित्सकों के अनुसार, डॉ. ओपी आनंद की स्थिति फिलहाल स्थिर है और वह खतरे से बाहर हैं। वह गायत्री शिक्षा निकेतन के संस्थापक डॉ. वाई.पी. आनंद के छोटे पुत्र हैं। वहीं, आरोपी सत्य प्रकाश सुधांशु गायत्री शिक्षा निकेतन स्कूल के सचिव बताए जा रहे हैं।
पारिवारिक विवाद में गोली चलाने की आशंका
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, इस घटना के पीछे पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, विवाद की वजह क्या थी और किन परिस्थितियों में सत्य प्रकाश सुधांशु ने अपने छोटे भाई पर गोली चलाई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही दोनों भाइयों के परिजन, शुभचिंतक और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में TMH परिसर पहुंच गए। अस्पताल में लोगों की भीड़ जुट गई।
पुलिस जुटा रही साक्ष्य
वारदात की जानकारी मिलते ही आरआईटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। आरआईटी पुलिस के अनुसार, पूरे मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है।


