हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग जिले के केरेडारी स्थित सीसीएल की चंद्रगुप्त कोल परियोजना में रोजगार की मांग को लेकर बुधवार को हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। रोजगार नहीं मिलने से नाराज पहरा गांव निवासी राहुल कुमार कंपनी के साइट कार्यालय परिसर में लगे एक ऊंचे टावर पर चढ़ गया। टावर पर चढ़कर उसने विरोध जताया और आत्महत्या करने की चेतावनी दी। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।

छह महीने पहले ट्रायल पास करने का दावा
जानकारी के अनुसार, राहुल कुमार ने हाथ से लिखे एक पत्र में दावा किया है कि करीब छह महीने पहले उसने सुशी इन्फ्रा माइनिंग प्राइवेट लिमिटेड में ट्रायल पास किया था। इसके बावजूद अब तक उसे रोजगार नहीं दिया गया। राहुल का आरोप है कि कंपनी प्रबंधन की ओर से लगातार नौकरी देने का आश्वासन दिया जाता रहा, लेकिन हर बार उसे इंतजार ही करना पड़ा।
कंपनी के जीएम पर लगाया वादाखिलाफी का आरोप
युवक ने कंपनी के जीएम पर वादा पूरा नहीं करने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि रोजगार का भरोसा मिलने के बाद भी उसे नौकरी नहीं मिली, जिससे वह काफी नाराज है। इसी नाराजगी में उसने टावर पर चढ़कर अपना विरोध दर्ज कराया और आत्महत्या की चेतावनी दी।
मौके पर जुटी भीड़, हस्तक्षेप की मांग
घटना के बाद कंपनी परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और कंपनी प्रबंधन से तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की। लोगों का कहना है कि सबसे पहले युवक को सुरक्षित टावर से नीचे उतारा जाए और इसके बाद रोजगार से जुड़े विवाद का समाधान निकाला जाए।
फिलहाल इस घटना ने एक बार फिर कोल परियोजनाओं में स्थानीय लोगों को रोजगार देने के मुद्दे को चर्चा में ला दिया है। युवक के आरोपों पर कंपनी प्रबंधन की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।


