मुरी (रांची): रांची जिले के मुरी ओपी थाना क्षेत्र अंतर्गत कलुआडीह गांव में बुधवार सुबह पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित पशु मांस बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मांस काटने में इस्तेमाल होने वाले औजार भी बरामद किए हैं।

गुप्त सूचना पर घर में हुई छापेमारी
मिली जानकारी के अनुसार, मुरी ओपी पुलिस को कलुआडीह गांव में प्रतिबंधित पशु मांस रखे जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गांव में जमील अंसारी के घर छापेमारी की। इस दौरान घर के बरामदे से कथित प्रतिबंधित पशु मांस बरामद किया गया।
मौके से पुलिस ने जमील अंसारी, मंजूर आलम और सुलुमजुड़ी निवासी मोहम्मद कुर्बान को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, मांस काटने में इस्तेमाल होने वाले औजार भी जब्त किए गए हैं।
तीनों आरोपियों को भेजा गया जेल
कार्रवाई के बाद तीनों आरोपियों को मुरी ओपी थाना लाया गया, जहां उनसे पूछताछ की गई। मुरी ओपी प्रभारी विकास कुमार पासवान ने बताया कि मामले में थाना कांड संख्या 69/026 के तहत बीएनएस की धारा 325/3(5) और 12/13 में प्राथमिकी दर्ज कर तीनों आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया है।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है।


