पलामू: झारखंड के पलामू जिले में प्रेम प्रसंग का एक दिलचस्प मामला सामने आया है। यहां चोरी-छिपे अपनी प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। इसके बाद मामला इतना आगे बढ़ा कि दोनों परिवारों की सहमति से प्रेम कहानी का अंत शादी के बंधन में हो गया। बुधवार को दोनों ने मंदिर में सात फेरे लेकर एक-दूसरे को जीवनसाथी बना लिया।

प्रेमिका से मिलने पहुंचा था युवक
मामला पलामू जिले के चैनपुर प्रखंड अंतर्गत कांशियारा पंचायत के तेतला गांव का है। यहां के निवासी पच्चू शर्मा के पुत्र गुड्डू शर्मा और लातेहार जिले के जिंगुर गांव निवासी काजल कुमारी के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को गुड्डू अपनी प्रेमिका काजल से मिलने उसके गांव पहुंचा था। दोनों घर में साथ थे, तभी कुछ ग्रामीणों की नजर उन पर पड़ गई। इसके बाद ग्रामीणों ने युवक को पकड़ लिया और इसकी सूचना उसके परिजनों को दे दी।
संयोग से उसी गांव में थी प्रेमी की बहन की शादी
इस पूरे घटनाक्रम में एक दिलचस्प संयोग भी सामने आया। जिस गांव में गुड्डू अपनी प्रेमिका से मिलने पहुंचा था, उसी गांव में उसकी बहन की शादी भी हो रही थी। युवक के पकड़े जाने की खबर मिलने के बाद उसके जीजा मौके पर पहुंचे। उन्होंने युवती के परिजनों से बातचीत की।
दोनों पक्षों के बीच बातचीत और सहमति के बाद प्रेमी-प्रेमिका की शादी कराने का फैसला लिया गया।
मंदिर में लिए सात फेरे, एक-दूसरे का थामा हाथ
इसके बाद बुधवार को लातेहार के एक मंदिर में गुड्डू और काजल की शादी करा दी गई। दोनों ने अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लिए और एक-दूसरे को जीवनसाथी स्वीकार किया। शादी में दोनों परिवारों के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे।
इस तरह चोरी-छिपे प्रेमिका से मिलने पहुंचे गुड्डू की प्रेम कहानी का अंत शादी के बंधन में हुआ। इलाके में यह प्रेम विवाह चर्चा का विषय बना हुआ है।


