टाटा-कांड्रा रोड के दो होटलों में पुलिस के बाइक दस्ते की अचानक दबिश, पहचान पत्र और ठहरने की वजह की जांच…कुछ लोगों ने निकलने की कोशिश की तो पुलिस ने रोका

आदित्यपुर। आदित्यपुर क्षेत्र के होटलों में कथित अनैतिक और अवैध गतिविधियों की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद शनिवार को पुलिस ने अचानक बड़ी कार्रवाई की। गुप्त सूचना के आधार पर आदित्यपुर पुलिस के बाइक दस्ते ने टाटा-कांड्रा रोड स्थित दो होटलों में छापेमारी की। इस दौरान करीब 40 से 50 युवक-युवतियां और अन्य लोग मिले, जिनसे पुलिस ने मौके पर ही पूछताछ की।
पुलिस की टीम अचानक होटल परिसर में पहुंची और वहां मौजूद लोगों से उनकी पहचान और होटल में ठहरने के कारणों के बारे में जानकारी मांगी। पुलिस ने सभी के पहचान पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की। यह भी पता लगाने की कोशिश की गई कि कौन किस उद्देश्य से होटल में ठहरा हुआ है। छापेमारी के दौरान कुछ लोगों ने वहां से निकलने की कोशिश की, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक लिया।
करीब 40 से 50 लोगों से पूछताछ और जरूरी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद सभी को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। वहीं, पुलिस ने दोनों होटलों के संचालकों को भी पूछताछ के लिए थाने बुलाया। उनसे होटल में ठहरने वाले लोगों की जानकारी और होटल संचालन से जुड़े नियमों के पालन को लेकर पूछताछ की गई।
पुलिस ने होटल संचालकों को साफ तौर पर चेतावनी दी कि होटल में किसी भी तरह की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का उल्लंघन या ऐसी गतिविधियों को संरक्षण देने की बात सामने आने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की इस अचानक कार्रवाई के बाद आदित्यपुर के होटल संचालकों और क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है। फिलहाल, पूछताछ के बाद सभी लोगों को छोड़ दिया गया है। इस मामले में किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है। पुलिस का कहना है कि शिकायतों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर आगे भी होटलों की जांच और छापेमारी जारी रहेगी।


