बोकारो। पुलिस की वर्दी और पत्रकारिता की जिम्मेदारियों से इतर बुधवार को बोकारो के सेक्टर-12 स्थित पुलिस लाइन मैदान में एक अलग ही नजारा देखने को मिला। यहां पुलिस प्रशासन और मीडिया कर्मी आमने-सामने थे, लेकिन किसी विवाद या खबर को लेकर नहीं, बल्कि क्रिकेट के मैदान पर दोस्ताना मुकाबले के लिए। पुलिस प्रशासन और मीडिया प्रतिनिधियों के बीच आयोजित मैत्री क्रिकेट मैच में खिलाड़ियों ने खेल भावना, आपसी सौहार्द और टीम भावना का परिचय दिया।

कार्यक्रम में उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) शैलेंद्र कुमार सिन्हा और उपायुक्त अजय नाथ झा विशेष रूप से शामिल हुए। दोनों अधिकारियों ने मैदान में मौजूद खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साह बढ़ाया। मैच के दौरान खेल के प्रति खिलाड़ियों का उत्साह और दोनों टीमों के बीच आपसी तालमेल देखने को मिला।
तनावपूर्ण दिनचर्या से हटकर मेलजोल का बेहतर अवसर : आईजी
इस अवसर पर आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने कहा कि पुलिस प्रशासन और मीडिया के बीच इस तरह के आयोजन आपसी सहभागिता और बेहतर समन्वय का उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि खेल में जीत और हार से ज्यादा महत्वपूर्ण खेल भावना, आपसी मेलजोल और सकारात्मक वातावरण बनाए रखना है।
उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और मीडिया कर्मियों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। आईजी ने कहा कि ऐसे आयोजन विभिन्न क्षेत्रों में काम करने वाले लोगों को एक-दूसरे के करीब लाने और आपसी संबंधों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
खेल से मिलती है अनुशासन और आपसी सम्मान की सीख : उपायुक्त
उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि पुलिस प्रशासन और मीडिया कर्मियों की कार्यशैली काफी व्यस्त और कई बार तनावपूर्ण होती है। ऐसे में मैत्री क्रिकेट मैच सभी को अपनी नियमित जिम्मेदारियों से कुछ समय निकालकर आपसी सौहार्द और सकारात्मकता के साथ जुड़ने का अवसर देता है।
उन्होंने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे अनुशासन, विनम्रता और एक-दूसरे के प्रति सम्मान की भावना भी विकसित होती है। इस आयोजन का उद्देश्य किसी टीम की जीत या हार नहीं, बल्कि सहभागिता, फिटनेस और सकारात्मक संदेश को बढ़ावा देना है।
उपायुक्त ने सफल आयोजन के लिए पुलिस अधीक्षक और उनकी पूरी टीम को बधाई दी। साथ ही पुलिस लाइन मैदान में उपलब्ध खेल सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर भी जोर दिया।
पुलिस और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय पर जोर
पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि पुलिस और मीडिया के बीच बेहतर तालमेल और संवाद लोकतांत्रिक व्यवस्था के साथ-साथ जिले के विकास के लिए भी महत्वपूर्ण है। इस तरह के आयोजन दोनों पक्षों के बीच आपसी विश्वास और सौहार्द को मजबूत करते हैं।
उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी ऐसे मैत्रीपूर्ण आयोजन होते रहेंगे, जिससे पुलिस प्रशासन और मीडिया कर्मियों के बीच बेहतर समन्वय बना रहे और सभी मिलकर जिले के विकास में सकारात्मक योगदान दे सकें।
छठ पर्व और झारखंड स्थापना दिवस की दी गई शुभकामनाएं
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों और मीडिया प्रतिनिधियों ने एक-दूसरे को छठ महापर्व और आगामी झारखंड स्थापना दिवस की शुभकामनाएं भी दीं। आयोजन में अनुमंडल पदाधिकारी चास प्रांजल ढांडा, एएसपी चास वेदांत शंकर, मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार, सार्जेंट मेजर सहित विभिन्न पुलिस पदाधिकारी और मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।


