बिहार , यूपी और झारखण्ड के सबसे कठिन पर्व कहे जाने वाले छठ महापर्व को लेकर राजधानी रांची अपनी कमर कस रहा है। रांची के तमाम जलस्रोतों और तालाबों की साफ-सफाई का काम तेजी से किया जा रहा है। इसी के साथ रांची के ऐतिहासिक बड़ा तालाब में भी छठ पूजा की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। सभी तालाबों में फैले कचरे को नाव के सहारे साफ किया जा रहा है, आने-जाने के रस्ते को सुगम बनाया जा रहा है ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की भी परेशानी न हो।

वहीं, छठ व्रतियों की सुरक्षा को लेकर भी व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। तालाब में बैरिकेडिंग के साथ बांस के सहारे पानी की गहराई और निर्धारित सीमा को चिह्नित किया गया है, ताकि श्रद्धालु गहरे पानी में न जाएं। इसके अलावा, छठ के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी तैनात रहेंगी। बीते दिनों से ही एनडीआरएफ के जवान किसी भी दुर्घटना से लड़ने की खूब पूर्वाभ्यास कर रहे है। इसी कड़ी में मंगलवार को NDRF की टीम रांची के धुर्वा डैम पहुंची थी , जहां जवानों ने रूट मार्च कर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया था।
शांतिपूर्ण तरीके से छठ संपन्न करवाना है प्रसाशन की जिम्मेदारी
रांची के डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने बताया कि सभी छठ घाटों पर संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर काम किया जा रहा है और प्रसाशन की जिम्मेदारी है कि लोगो को पर्व में किसी तरह की दिक्कत न हो। तो वहीं आईजी अभियान सह पुलिस प्रवक्ता नरेंद्र सिंह ने बताया कि छठ पूरे देश में मनाया जाने वाला बहुत ही पवित्र पर्व है. इस पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना पुलिस की प्राथमिकता है.राज्यभर में हर जिलों में जितनी भी सुरक्षाकर्मियों की मांग थी उसे पूरा कर दिया गया है। इसके साथ ही इस पर्व में महिलाओं की सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान रखी जाएगी।
छठ पर्व के दौरान रहेगी विशेष सतर्कता
चार दिनों के इस महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय से होगी , 14 नवंबर को खरना, 15 नवंबर को संध्याकालीन अर्घ्य और 16 नवंबर को प्रातःकालीन अर्घ्य का शुभ मुहूर्त है इस दौरान श्रद्धालुओं और वाहनों की खूब भीड़ देखने को मिलती है, ऐसे में भीड़ वाले इलाकों में भारी वाहनों की आवाजाही और श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था की जाएगी. इसके साथ ही किसी भी तरीके के आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए अस्पतालों में विशेष व्यवस्था , अग्निशमन को तैयार रखने का निर्देश दिया गया है.


