जिला स्तर पर होगा अभ्यर्थियों के प्रमाण-पत्रों का सत्यापन, डीसी नियुक्त करेंगे नोडल पदाधिकारी; काउंसलिंग के तीन कार्यदिवस के भीतर नियुक्ति और 45 दिनों में स्कूलों में पदस्थापन का निर्देश।

झारखंड। झारखंड में सहायक आचार्य नियुक्ति प्रक्रिया को अब तेज करने की तैयारी है। संशोधित अतिरिक्त परीक्षाफल जारी होने के बाद राज्य के सरकारी प्रारंभिक विद्यालयों में शिक्षकों की नियुक्ति को लेकर स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने नई समय-सीमा निर्धारित कर दी है।
विभाग की ओर से जारी निर्देश के मुताबिक, झारखंड कर्मचारी चयन आयोग यानी जेएसएससी से संशोधित परीक्षाफल और अनुशंसित अभ्यर्थियों के दस्तावेज मिलने के अधिकतम दो कार्यदिवस के भीतर जिला स्तर पर काउंसलिंग की प्रक्रिया शुरू करनी होगी। इसके लिए अभ्यर्थियों की सूची, काउंसलिंग की तारीख और जरूरी दिशा-निर्देश जिला प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किये जायेंगे। साथ ही समाचार पत्रों, फोन, एसएमएस और ई-मेल के माध्यम से भी अभ्यर्थियों को सूचना दी जायेगी।
विभाग ने कहा अभ्यर्थियों को दोबारा काउंसलिंग कराने की जरूरत नहीं
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि सभी अभ्यर्थियों को दोबारा काउंसलिंग कराने की जरूरत नहीं होगी। जिन अभ्यर्थियों का नाम पुराने और संशोधित दोनों परीक्षाफलों में शामिल है और जिनकी चयन कोटि तथा जिला आवंटन में कोई बदलाव नहीं हुआ है, उन्हें दोबारा काउंसलिंग में शामिल नहीं होना पड़ेगा। हालांकि, जिनकी चयन कोटि में बदलाव हुआ है, उनके संबंधित प्रमाण-पत्रों का दोबारा सत्यापन किया जायेगा।
काउंसलिंग प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए जांच दल का गठन
वहीं, पूरी काउंसलिंग प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए उपायुक्त नोडल पदाधिकारी नामित करेंगे। प्रत्येक जांच दल में कम से कम तीन सदस्य होंगे और प्रमाण-पत्रों के सत्यापन की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराना अनिवार्य होगा। दस्तावेजों की जांच के दौरान मिलने वाली आपत्तियों का निपटारा भी अधिकतम दो कार्यदिवस में करना होगा।
सबसे अहम बात यह है कि काउंसलिंग पूरी होने के बाद जिला शिक्षा स्थापना समिति की बैठक होगी। इसके बाद अधिकतम तीन कार्यदिवस के भीतर नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी कर अभ्यर्थियों का योगदान कराया जायेगा। वहीं, नवनियुक्त सहायक आचार्यों को 45 दिनों के भीतर संबंधित विद्यालयों में पदस्थापित करने का निर्देश दिया गया है। संशोधित परीक्षाफल के बाद अब सहायक आचार्य नियुक्ति प्रक्रिया को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने की तैयारी है। इससे लंबे समय से नियुक्ति का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
तीन दिन में नियुक्ति, 45 दिनों में पदस्थापन
काउंसलिंग समाप्त होने के बाद जिला शिक्षा स्थापना समिति की बैठक कर अभ्यर्थियों के संशोधित परीक्षाफल, कोटि परिवर्तन, जिला परिवर्तन और मेधा क्रमांक से संबंधित विवरण का अनुमोदन कराया जायेगा. इसके बाद अधिकतम तीन कार्यदिवस में नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी कर अभ्यर्थियों का योगदान जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय में कराया जायेगा. नवनियुक्त शिक्षकों का संबंधित विद्यालयों में अधिकतम 45 दिनों के भीतर पदस्थापन करना होगा। नियुक्त शिक्षकों से संबंधित अभिलेख भी पोर्टल पर अपलोड किये जायेंगे। संशोधित परीक्षाफल के बाद अब सहायक आचार्य नियुक्ति प्रक्रिया को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने की तैयारी है। इससे लंबे समय से नियुक्ति का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को राहत मिलने की उम्मीद है।


