रांची: गंभीर सड़क दुर्घटना में सिर और शरीर के कई हिस्सों में चोट लगने के बाद जिंदगी और मौत से जूझ रहे एक युवक को पारस एचईसी हॉस्पिटल के डॉक्टरों ने नया जीवन दिया है। अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने जटिल न्यूरो सर्जरी और हड्डी का ऑपरेशन कर उसकी जान बचाई। 13 दिनों तक चले इलाज के बाद मरीज को स्वस्थ अवस्था में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अब वह बिना किसी सहारे चलने-फिरने में सक्षम है और उसकी मानसिक स्थिति भी सामान्य है।

मस्तिष्क पर बढ़ते दबाव को कम करने के लिए की गई सर्जरी
पारस एचईसी हॉस्पिटल के सीनियर कंसल्टेंट (न्यूरो सर्जरी) डॉ अरुण कुमार ने बताया कि युवक को गंभीर सिर की चोट और शरीर के कई हिस्सों में चोट (पॉलीट्रॉमा) के साथ इमरजेंसी में अस्पताल लाया गया था। प्राथमिक उपचार और जरूरी जांच के बाद उसे आईसीयू में भर्ती किया गया।
सिर में गंभीर चोट को देखते हुए तत्काल ऑपरेशन करने का निर्णय लिया गया। इस दौरान दाहिनी ओर डिकम्प्रेसिव क्रैनिएक्टॉमी (DC) और ड्यूरोप्लास्टी की गई। इस सर्जरी का उद्देश्य मस्तिष्क पर पड़ने वाले दबाव को कम करना था।
टूटी जांघ की हड्डी का भी किया गया ऑपरेशन
डॉक्टरों के मुताबिक, दुर्घटना में युवक की दाहिनी जांघ की हड्डी भी टूट गई थी। ब्रेन सर्जरी के तीन दिन बाद जांघ की हड्डी का ऑपरेशन किया गया। इसके बाद धीरे-धीरे मरीज की स्थिति में सुधार होने लगा और उसे वेंटिलेटर से हटा दिया गया।
स्वास्थ्य में लगातार सुधार के बाद सिर की दाहिनी ओर हटाए गए हड्डी के फ्लैप को दोबारा प्रत्यारोपित किया गया। 13 दिनों के उपचार के बाद मरीज की हालत स्थिर और संतोषजनक हो गई। फिलहाल वह सामान्य रूप से चल-फिर रहा है।
समय पर इलाज और बेहतर आईसीयू सुविधाएं अहम : डॉ नीतेश कुमार
पारस एचईसी हॉस्पिटल के फैसिलिटी डायरेक्टर डॉ नीतेश कुमार ने कहा कि गंभीर दुर्घटनाओं के मामलों में समय पर इलाज, विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम और बेहतर आईसीयू सुविधाएं मरीज की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
उन्होंने कहा कि गंभीर स्थिति में अस्पताल पहुंचे युवक का स्वस्थ होकर सामान्य जीवन की ओर लौटना पूरी चिकित्सा टीम के समर्पित प्रयासों का परिणाम है। अस्पताल मरीजों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।


