-दुबई में छिपे होने की आशंका, अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों की मदद से गिरफ्तारी की तैयारी
धनबाद। वासेपुर के फरार गैंगस्टर प्रिंस खान के नेटवर्क पर शिकंजा कसने के लिए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने बड़ी कार्रवाई की है. एजेंसी ने प्रिंस खान के भाई गोपी खान और साले ऋतिक खान के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया है. दोनों के दुबई में छिपे होने की आशंका जतायी जा रही है. इस कार्रवाई से विदेश में बैठकर आपराधिक गतिविधियों को संचालित करने वाले नेटवर्क पर जांच एजेंसियों का दबाव बढ़ गया है.
जानकारी के अनुसार, दोनों की तलाश में धनबाद पुलिस ने पहले सीबीआइ और एनआइए को पत्र लिखकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कार्रवाई का अनुरोध किया था. इसके बाद अगस्त 2026 में ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन ने दोनों के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया था. हालांकि, तलाश में सफलता नहीं मिलने के बाद अब रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया है.
रेड कॉर्नर नोटिस के बाद इंटरपोल के सदस्य देशों की पुलिस और संबंधित एजेंसियां दोनों की पहचान, लोकेशन और संभावित गतिविधियों से जुड़ी जानकारी साझा कर सकेंगी. इससे उनकी गिरफ्तारी और भारत प्रत्यर्पण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने में मदद मिल सकती है. हालांकि, रेड कॉर्नर नोटिस अपने आप में अंतरराष्ट्रीय गिरफ्तारी वारंट नहीं होता.
जांच एजेंसियों की नजर अब प्रिंस खान के विदेश में मौजूद नेटवर्क और धनबाद में उसके कथित सहयोगियों पर भी है. इस कार्रवाई को उसके आपराधिक नेटवर्क की आर्थिक और अंतरराष्ट्रीय कड़ियों तक पहुंचने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है.


