लुगू बुरु घांटाबाड़ी धोरोमगाढ़ राजकीय महोत्सव आयोजन समिति के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात, 22 से 24 नवंबर तक आयोजित होगा तीन दिवसीय महोत्सव।
रांची/डेस्क: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से लुगू बुरु घांटाबाड़ी धोरोमगाढ़ राजकीय महोत्सव आयोजन समिति के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बोकारो में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय लुगू बुरु घांटाबाड़ी धोरोमगाढ़ राजकीय महोत्सव में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।
यह महोत्सव 22 से 24 नवंबर 2026 तक बोकारो में आयोजित किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को महोत्सव में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण सौंपा।
लुगू बुरु घांटाबाड़ी धोरोमगाढ़ संताल आदिवासी समाज के प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक आस्था स्थलों में से एक है। यहां आयोजित होने वाले इस राजकीय महोत्सव में संताल समाज की धार्मिक परंपराओं, संस्कृति और विरासत की झलक देखने को मिलती है।
जाने क्या मान्यता है लुगू बुरु की
लुगू बुरु घांटाबाड़ी धोरोमगाढ़ संताल आदिवासी समाज के सबसे महत्वपूर्ण धार्मिक और आध्यात्मिक स्थलों में से एक माना जाता है। इसे संताल समाज की गहरी धार्मिक आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक माना जाता है। संताल समुदाय के लोग लुगू बुरु को श्रद्धा के साथ पूजते हैं। यहां हर वर्ष आयोजित होने वाले धार्मिक समागम में देश के विभिन्न हिस्सों से संताल समुदाय के श्रद्धालु जुटते हैं।
लुगू पहाड़ की तलहटी में स्थित दरबार चट्टानी को संताल समाज के इतिहास से भी जोड़ा जाता है। स्थानीय धार्मिक मान्यता के अनुसार, सदियों पहले लुगू बाबा की अध्यक्षता में संताल समाज के पूर्वजों ने यहां 12 वर्षों तक विचार-विमर्श कर समाज के रीति-रिवाज, सामाजिक परंपराओं और जीवन संस्कारों से जुड़े नियम तय किए थे। इसी कारण यह स्थल संताल समाज के लिए विशेष ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व रखता है।


