मंत्री की चेतावनी के बाद भी आंदोलन जारी, निजी एंबुलेंस और ऑटो के सहारे अस्पताल पहुंच रहे मरीज
रांची। झारखंड में 108 एंबुलेंस कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल का असर अब मरीजों और उनके परिजनों की जेब पर भी पड़ने लगा है। स्वास्थ्य विभाग और विभागीय मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की सख्त चेतावनी के बावजूद कर्मचारियों ने हड़ताल जारी रखने का फैसला किया है। शनिवार को चौथे दिन भी कर्मचारी आंदोलन पर डटे रहे। वहीं, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन मुख्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन करने की घोषणा की गई है।
निशुल्क 108 एंबुलेंस सेवा बंद होने से दूर-दराज के जिलों से रांची के रिम्स रेफर किए जाने वाले मरीजों को काफी परेशानी हो रही है। सरकारी एंबुलेंस नहीं मिलने पर परिजन निजी एंबुलेंस का सहारा लेने को मजबूर हैं। इसका फायदा उठाते हुए कुछ निजी एंबुलेंस चालक मरीजों से मनमाना किराया वसूल रहे हैं।
पलामू से रांची पहुंचने के लिए निजी एंबुलेंस ने वसूले 9 हजार रुपये
राज्य के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल रिम्स में दूसरे जिलों से गंभीर मरीजों को रेफर किया जाता है। लेकिन 108 एंबुलेंस सेवा ठप होने के कारण मरीजों के परिजनों को निजी वाहन का इंतजाम करना पड़ रहा है।
पलामू में सड़क दुर्घटना के बाद रिम्स रेफर किए गए एक घायल मरीज के परिजन रिकेश कुमार पाल ने बताया कि उन्हें निजी एंबुलेंस से मरीज को रांची लाना पड़ा। इसके लिए चालक ने एक तरफ का किराया 9 हजार रुपये लिया। उन्होंने कैमरे पर विस्तार से कुछ कहने से परहेज किया, लेकिन किराये की पुष्टि की।
एंबुलेंस नहीं मिली तो ऑटो से लेकर पहुंचे मरीज
108 एंबुलेंस की हड़ताल के कारण कई लोग निजी एंबुलेंस के साथ-साथ ऑटो से भी मरीजों को अस्पताल पहुंचा रहे हैं। रांची के नामकुम निवासी कुणाल प्रसाद गुप्ता को भी अपने मरीज को ऑटो से ट्रॉमा सेंटर लाना पड़ा। उन्होंने बताया कि एंबुलेंस सेवा बंद रहने से काफी परेशानी हो रही है।
10 सूत्री मांगों को लेकर जारी है हड़ताल
गौरतलब है कि झारखंड प्रदेश एंबुलेंस कर्मचारी संघ (संबद्ध भारतीय मजदूर संघ) के आह्वान पर कर्मचारी 18 नवंबर की रात 8 बजे से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। लंबित वेतन भुगतान समेत 10 सूत्री मांगों को लेकर कर्मचारी आंदोलन कर रहे हैं। हड़ताल के कारण राज्य में आपातकालीन एंबुलेंस सेवाएं प्रभावित हैं और मरीजों को अस्पताल पहुंचने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ रही है।


