-20 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की आशंका
-22,139 लोगों को बनाया निशाना
-2,080 साइबर शिकायतों से जुड़ा नेटवर्क
साइबर ठगी के लिए देशभर में बदनाम झारखंड के जामताड़ा का नाम एक बार फिर देश की सुर्खियों में है। मोबाइल पर एक क्लिक और देखते ही देखते बैंक खाते से रुपये गायब! साइबर अपराधियों ने ठगी के इस खेल को अब इतना संगठित और तकनीकी बना दिया है कि आम आदमी तो दूर, डिजिटल लेन-देन करने वाला पढ़ा-लिखा व्यक्ति भी इनके जाल में फंस रहा है। जामताड़ा से संचालित साइबर अपराधियों के नेटवर्क का दायरा अब झारखंड की सीमाओं को लांघकर देश के कई राज्यों तक फैल चुका है। इसका सबसे बड़ा खुलासा दिल्ली पुलिस की हालिया कार्रवाई में हुआ है।
दिल्ली पुलिस ने पांच दिनों तक चले विशेष ऑपरेशन में झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश में छापेमारी कर 22 कथित साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों से जुड़े साइबर गिरोहों ने देशभर में 22,139 लोगों को निशाना बनाया। इनके खिलाफ 2,080 साइबर शिकायतें सीधे जुड़ी मिली हैं, जबकि ठगी की कुल रकम 20 करोड़ रुपये से अधिक होने की आशंका है। गिरफ्तार आरोपियों में साइबर ठगी के लिए खतरनाक APK फाइल तैयार करने वाले और उसे नेटवर्क के जरिए लोगों तक पहुंचाने वाले सदस्य भी शामिल हैं।
सात टीमें, 64 पुलिसकर्मी और चार राज्यों में ऑपरेशन
दिल्ली पुलिस का यह ऑपरेशन महज कुछ साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं, बल्कि एक संगठित अंतरराज्यीय नेटवर्क पर की गई बड़ी कार्रवाई है। 11 से 15 नवंबर तक चले इस अभियान में 64 पुलिसकर्मियों की सात विशेष टीमें बनाई गई थीं। इन टीमों ने चार राज्यों में 17 स्थानों पर छापेमारी की। जांच में गिरफ्तार आरोपी 11 अलग-अलग साइबर ठगी गिरोहों और APK पैनल तैयार करने वाले एक नेटवर्क से जुड़े पाए गए। पुलिस ने इस नेटवर्क की पड़ताल के दौरान 32 संदिग्ध APK फाइलों की फॉरेंसिक जांच की। इसके अलावा 56 टेलीग्राम प्रोफाइल और उनसे जुड़े WhatsApp नंबरों की भी जांच की गई। आरोपियों के पास से 63 मोबाइल फोन, दो लैपटॉप, दो मैकबुक और एक टैब बरामद किया गया है।
WhatsApp पर APK भेजकर मोबाइल को बनाते थे ठगी का हथियार
इस पूरे नेटवर्क का सबसे खतरनाक पहलू इसका तकनीकी तरीका है। साइबर अपराधी लोगों को बैंक, क्रेडिट कार्ड, डिजिटल पेमेंट, कैशबैक, सरकारी योजना और दूसरे जरूरी कामों के नाम पर संदेश भेजते थे। फिर WhatsApp पर APK फाइल भेजकर उसे इंस्टॉल करने के लिए प्रेरित करते थे। लोग जैसे ही बिना जांच-पड़ताल के ऐसी फाइल अपने मोबाइल में इंस्टॉल करते, उनके फोन की सुरक्षा खतरे में पड़ जाती थी। इसके बाद साइबर अपराधी मोबाइल और बैंकिंग से जुड़ी संवेदनशील जानकारियों तक पहुंच बनाने की कोशिश करते थे और कथित तौर पर बैंक खातों से रकम निकाल लेते थे।
इस नेटवर्क में APK तैयार करने वाले, उसे वितरित करने वाले और ठगी के जरिए हासिल रकम के लेन-देन में शामिल सदस्यों की अलग-अलग भूमिका सामने आई है। यानी यह कोई अकेले बैठकर फोन करने वाला ठग नहीं, बल्कि तकनीकी विशेषज्ञों से लेकर ठगी के नेटवर्क को संचालित करने वालों तक फैला संगठित सिंडिकेट था।
जामताड़ा में लगातार पकड़े जा रहे साइबर अपराधी, फिर भी खत्म नहीं हो रहा खेल
दिल्ली पुलिस की कार्रवाई के बीच जामताड़ा में हाल के महीनों में हुई गिरफ्तारियां भी कई सवाल खड़े करती हैं। पांच नवंबर 2026 को जामताड़ा पुलिस ने साइबर ठगी के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। इनके पास से 8.13 लाख रुपये नकद, आठ मोबाइल फोन और छह सिम कार्ड बरामद किए गए थे। पुलिस के मुताबिक आरोपी क्रेडिट कार्ड से जुड़ी सहायता देने के नाम पर लोगों को फर्जी APK फाइल भेजते थे और कैशबैक का लालच देकर ठगी करते थे।
इससे पहले सितंबर में भी जामताड़ा और देवघर में साइबर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई हुई थी। 19 सितंबर को देवघर और जामताड़ा में अलग-अलग छापेमारी के दौरान 14 कथित साइबर ठग गिरफ्तार किए गए थे। इन पर कस्टमर केयर अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि और सरकारी योजना से जुड़े कर्मचारी बनकर लोगों को निशाना बनाने का आरोप था। फर्जी बिजली बिल, आरटीओ ई-चालान और प्रधानमंत्री किसान योजना के नाम पर APK फाइल भेजने का तरीका भी सामने आया था।
11 सितंबर को जामताड़ा में पांच संदिग्ध साइबरअपराधियों की गिरफ्तारी हुई थी
पुलिस के अनुसार ये लोग फर्जी कैशबैक संदेश और क्रेडिट कार्ड ब्लॉक होने का झांसा देकर लोगों को निशाना बनाते थे। वहीं अगस्त में भी चार कथित साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर आठ मोबाइल और दस सिम कार्ड जब्त किए गए थे। इन मामलों से स्पष्ट है कि साइबर ठगी के तौर-तरीके लगातार बदल रहे हैं।


