अधिवक्ता शिशिर राज के अनुसार, निशा भगत ने पहली बार फोन कर अजय तिर्की के खिलाफ केस दर्ज कराने और आगे की कानूनी प्रक्रिया के बारे में पूछा था। उन्होंने निशा को बताया था कि मामले को समझने के बाद ही उचित कानूनी सलाह दे सकेंगे। इसके कुछ समय बाद निशा ने फिर फोन किया, लेकिन उस वक्त वह एयरपोर्ट के लिए निकल चुके थे।
दूसरी कॉल के बाद नहीं हो सका संपर्क
शिशिर राज ने जांच एजेंसी को बताया कि दूसरी बार फोन आने के दौरान वह रास्ते में थे। गाड़ी में होने के कारण आवाज ठीक से सुनाई नहीं दे रही थी। उन्होंने निशा से एयरपोर्ट पहुंचने के बाद दोबारा बात करने को कहा। कॉल कटने के बाद उन्होंने खुद भी निशा से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं हो सकी। इसके कुछ देर बाद उन्हें निशा की मौत की सूचना मिली।
सीबीआई ने इस पूरे घटनाक्रम को लेकर अधिवक्ता से सवाल किए। जांच टीम के नेतृत्व कर रहे डीआईजी (दिल्ली) ने भी उनसे पूछताछ की। निशा भगत की ओर से मौत से कुछ घंटे पहले कानूनी मदद मांगे जाने को जांच के महत्वपूर्ण बिंदु के तौर पर देखा जा रहा है।
अधिवक्ता ने मौत पर जताया संदेह
पूछताछ के दौरान शिशिर राज ने निशा भगत की मौत को लेकर संदेह जताया। उन्होंने कहा कि इतनी बोल्ड महिला आत्महत्या कर सकती है, इस पर उन्हें यकीन नहीं होता। निशा की ओर से कानूनी कार्रवाई की इच्छा जताने और उसके बाद संपर्क नहीं हो पाने की परिस्थितियों को लेकर भी जांच एजेंसी जानकारी जुटा रही है।
फेसबुक लाइव के बाद हुई थी मौत
निशा भगत की मौत छह नवंबर को हुई थी। इससे पहले उन्होंने फेसबुक लाइव के जरिए राज्य सरकार और जमीन कारोबारियों पर उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए थे। उनके परिजनों ने भी मौत को लेकर साजिश की आशंका जताई थी। परिवार की मांग पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मामले की सीबीआई जांच के आदेश दिए थे।
सीबीआई ने जांच शुरू करते हुए अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। अब एजेंसी फेसबुक लाइव में लगाए गए आरोपों, मौत से पहले निशा की गतिविधियों और उनके संपर्क में रहे लोगों से मिली जानकारी के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ रही है।
महिला आयोग भी कर चुका है हस्तक्षेप
मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग ने सात नवंबर को स्वतः संज्ञान लिया था। आयोग ने अधिकारियों को समयबद्ध जांच कर सात दिनों के भीतर कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट देने का निर्देश दिया था। आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने भी रांची पहुंचकर मामले की जानकारी ली थी।
निशा भगत की मौत से पहले अधिवक्ता से हुई बातचीत अब जांच के दायरे में है। सीबीआई यह पता लगाने में जुटी है कि वह किस मामले में कानूनी कार्रवाई करना चाहती थीं, उनके आरोपों की वास्तविकता क्या थी और मौत से पहले की परिस्थितियां क्या रही थीं।


