-प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने राज्य सरकार पर साधा निशाना, विशेष सत्र बुलाने और प्रस्ताव लाने की तैयारी को बताया औचित्यहीन
रांची। झारखंड विधानसभा के 25 और 26 नवंबर को आहूत दो दिवसीय विशेष सत्र से पहले विपक्ष ने भी अपनी रणनीति को धार देनी शुरू कर दी है। सत्ता पक्ष की घेराबंदी का जवाब देने के लिए भाजपा प्रदेश कार्यालय में विधायक दल की अहम बैठक आयोजित की गई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में हुई इस बैठक में पार्टी के कई विधायक शामिल हुए, जहां सदन के भीतर सरकार को घेरने की रूपरेखा तैयार की गई।
विशेष सत्र और संविधान यात्रा पर आदित्य साहू का हमलाः
बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने विशेष सत्र बुलाए जाने की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि जब मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया पूरी होने के कगार पर है, तब राज्य सरकार इसका विरोध कर रही है। साहू ने सवाल उठाया कि खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम (MMDR) का पूरे देश ने स्वागत किया है और कांग्रेस शासित राज्यों में भी इसे स्वीकार किया गया है, तो फिर झारखंड में इसका विरोध क्यों हो रहा है? उन्होंने राज्य सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि एक ओर संविधान की अवहेलना की जा रही है और दूसरी ओर संविधान यात्रा निकालने की बात की जा रही है।
नवीन जायसवाल ने प्रस्ताव को बताया राजनीति से प्रेरितः
भाजपा विधायक दल की बैठक के बाद पार्टी के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि विधानसभा में MMDR और SIR के विरोध में प्रस्ताव लाने की राज्य सरकार की तैयारी पूरी तरह औचित्यहीन है। उन्होंने तर्क दिया कि देश में अब तक नौ बार SIR की प्रक्रिया हो चुकी है और अगले महीने झारखंड में भी यह प्रक्रिया पूरी होकर अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन हो जाएगा।
श्री जायसवाल ने कहा कि यह चुनाव आयोग की एक संवैधानिक प्रक्रिया है, जिसे उपायुक्त की निगरानी में राज्य के अधिकारी और बीएलओ घर-घर जाकर पूरा कर रहे हैं। ऐसे में इसका विरोध करना अपनी ही सरकार के कामकाज पर सवाल उठाने जैसा है। उन्होंने कहा कि यदि किसी भारतीय नागरिक का नाम कट रहा है, तो उसकी सूची चुनाव आयोग को सौंपी जा सकती है।
घुसपैठियों को बचाने और अवैध खनन को बढ़ावा देने का आरोपः
नवीन जायसवाल ने सत्ताधारी गठबंधन (झामुमो-कांग्रेस-राजद) पर आरोप लगाया कि वे बांग्लादेशी घुसपैठियों और रोहिंग्याओं के नाम मतदाता सूची से कटने से बचाने के लिए SIR का विरोध कर रहे हैं। साथ ही, MMDR कानून पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सेस लगाकर कोयले की कीमतें बढ़ाना चाहती है, जिससे अवैध खनन को बढ़ावा मिले। भाजपा नेताओं ने स्पष्ट किया कि विशेष सत्र में पार्टी पूरी मजबूती के साथ सरकार के इन प्रस्तावों का विरोध करेगी।

