रानीखावा गांव में ससुर-बहू की हत्या का मामला, जामताड़ा से पकड़ा गया आरोपी … हत्या में इस्तेमाल टांगी समेत कई सामान बरामद
गिरिडीह: पचम्बा थाना क्षेत्र के रानीखावा गांव में हुए दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में मुख्य आरोपी बासुदेव मंडल (38) को जामताड़ा जिले के करमाटांड़ से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई खून लगी बड़ी टांगी, छोटी टांगी, छेनी और चप्पल बरामद की है।मंगलवार को पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गिरफ्तारी की जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद मामले की जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। तकनीकी शाखा की मदद से आरोपी का पता लगाया गया और उसे करमाटांड़ से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उसकी निशानदेही पर घटना से जुड़े सामान भी बरामद किए गए हैं। फिलहाल आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।


