फिरोज खान ने साझा किया फिल्मी सफर: कहा- हिंदी पढ़ने में होती थी कठिनाई, राही मासूम रजा की सिफारिश और ईश्वर की कृपा से मिला था ऐतिहासिक किरदार
-निजी समारोह में रांची पहुंचे फिरोज खान ने यहीं बसने की जताई इच्छा
-महेंद्र सिंह धोनी से मुलाकात न हो पाने का जताया मलाल, कहा- आईपीएल संन्यास पर पुनर्विचार करने करें माही
बी.आर. चोपड़ा के कालजयी धारावाहिक ‘महाभारत’ में ‘अर्जुन’ का किरदार निभाकर घर-घर में मशहूर हुए अभिनेता फिरोज खान इन दिनों रांची के दौरे पर हैं। एक मित्र के विवाह समारोह में शामिल होने पहुंचे फिरोज खान झारखंड की राजधानी की खूबसूरती, मौसम और लोगों के अपनापन से इस कदर प्रभावित हुए हैं कि उन्होंने अपनी शेष जिंदगी यहीं बिताने की इच्छा जताई है। इस दौरान उन्होंने अपने फिल्मी सफर, संघर्ष और महेंद्र सिंह धोनी के प्रति अपनी दीवानगी को लेकर बेबाकी से अपनी बातें रखीं।
रांची की आबोहवा और विकास के मुरीद हुए ‘अर्जुन’
रांची के अनुभवों को साझा करते हुए फिरोज खान ने कहा कि यहां की आबोहवा बेहद खूबसूरत है और लोगों का मित्रवत व्यवहार, सभ्यता व संस्कृति बेमिसाल है। उन्होंने शहर के बढ़ते विकास की तारीफ करते हुए बताया कि वे लालपुर इलाके में गए थे, जहां बड़े-बड़े मॉल्स और व्यावसायिक केंद्र देखकर उन्हें बहुत खुशी हुई। उनके मुताबिक, रांची की सबसे बड़ी पूंजी यहां के लोगों की मित्रता है, जिसकी तुलना मुंबई या कोलकाता जैसे महानगरों से नहीं की जा सकती।
‘माही’ से न मिल पाने का मलाल, संन्यास पर पुनर्विचार की अपील
पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के बड़े प्रशंसक फिरोज खान उनसे मिलने उनके आवास भी गए, लेकिन धोनी के चेन्नई में होने के कारण दोनों की मुलाकात नहीं हो सकी। इस बात पर अफसोस जताते हुए उन्होंने धोनी के आईपीएल से संन्यास लेने के फैसले पर भी दुख प्रकट किया और उनसे इस पर पुनर्विचार करने की अपील की।
हिंदी पढ़ने में थी कठिनाई, फिर भी 23 हजार दावेदारों को पछाड़ा
अपने करियर के शुरुआती दिनों को याद करते हुए फिरोज खान ने बताया कि उनके परिवार का दूर-दूर तक फिल्मों से कोई नाता नहीं था। उनके पिता मुंबई क्राइम ब्रांच में एडिशनल कमिश्नर थे और उन्होंने खुद ऑक्सफोर्ड से पढ़ाई की थी। बचपन में बॉक्सिंग का शौक रखने वाले फिरोज दुबई में एनिमेशन ऑफिसर के रूप में काम कर रहे थे।
अनिल कपूर के जरिए फिल्मों में एंट्री:
दुबई से लौटने पर जब वे अपने दोस्त अनिल कपूर को तोहफा देने गए, तो वहां फिल्ममेकर नासिर हुसैन की नजर उन पर पड़ी और उन्हें फिल्म ‘मंजिल’ ऑफर हुई। हालांकि, बाद में सनी देओल और डिंपल कपाड़िया के आने के बाद उन्हें विलेन का रोल मिला।
ऐसे मिला अर्जुन का किरदार:
लेखक राही मासूम रजा ने उनके कद-काठी और व्यक्तित्व को देखते हुए महाभारत में ‘अर्जुन’ के रोल के लिए उनका नाम सुझाया। ऑडिशन में 23 हजार कलाकार शामिल हुए थे। फिरोज को हिंदी बोलनी तो आती थी, लेकिन पढ़ने में काफी कठिनाई होती थी। ऐसे में उन्होंने संवादों को सुनकर याद किया और अपनी बेबाक अदायगी से यह ऐतिहासिक रोल अपने नाम कर लिया।
ईश्वर में अटूट विश्वास और बेटे की कामयाबी पर गर्व
फिरोज खान अपनी हर सफलता का श्रेय ईश्वर को देते हैं। उनका मानना है कि इंसान केवल कर्म कर सकता है, लेकिन सब कुछ ऊपर वाला ही रचता है। ‘अर्जुन’ के किरदार ने उनके वास्तविक जीवन को भी बदला, उन्हें सिखाया कि बिना किसी से प्रभावित हुए निष्ठा के साथ अपने लक्ष्य पर डटे रहना चाहिए।
अपने परिवार का जिक्र करते हुए उन्होंने गर्व से बताया कि जिस तरह मछली के बच्चे को तैरना नहीं सिखाया जाता, उसी तरह बिना किसी फिल्मी बैकग्राउंड के उनके बेटे ने भी अभिनय की दुनिया में अपनी पहचान बनाई है। ‘कभी खुशी कभी गम’ से शुरुआत करने वाले उनके बेटे को नेशनल अवार्ड मिल चुका है, वे फिल्मफेयर के लिए भी नामांकित हुए हैं और वर्तमान में तीन फिल्मों में काम कर रहे हैं।


