-राजकीय अतिथिशाला में पेसा पर्यवेक्षकों के साथ हुई समीक्षा बैठक, 60 प्रतिशत कार्य पूरा
-आदिवासी समाज के जल, जंगल, जमीन और स्वशासन के अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस प्रतिबद्ध
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित झारखंड दौरे और राज्य में पेसा (PESA) कानून के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर मंगलवार को मोरहाबादी स्थित राजकीय अतिथिशाला में प्रदेश कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। पेसा पर्यवेक्षकों के साथ हुई इस बैठक में पार्टी के प्रदेश प्रभारी के. राजू, सह-प्रभारी भूपेंद्र मरावी, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, विधायक दल के नेता प्रदीप यादव सहित राज्य सरकार के मंत्री, सांसद और विधायक शामिल हुए।
बैठक में आदिवासी समाज के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा, जल, जंगल और जमीन पर उनके हक तथा ग्रामसभाओं को सशक्त बनाने पर विस्तृत चर्चा हुई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राहुल गांधी हमेशा से आदिवासियों के जल, जंगल, जमीन और स्वशासन के अधिकारों की वकालत करते रहे हैं। इसी संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए राहुल गांधी अपने प्रस्तावित दौरे के दौरान खूंटी में ग्रामसभा प्रधानों के साथ सीधा संवाद करेंगे, जिसकी तैयारियों को लेकर बैठक में विशेष रणनीति बनाई गई।
बैठक के बाद विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने बताया कि पर्यवेक्षकों को आवंटित प्रखंडों में हुए कार्यों की समीक्षा की गई है। उन्हें ग्रामसभा प्रधानों से संपर्क कर पेसा नियमावली के तहत मिले अधिकारों की जानकारी देने और सदस्यों को प्रशिक्षित करने का टास्क सौंपा गया है। उन्होंने बताया कि अब तक लगभग 60 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और शेष 40 प्रतिशत लक्ष्य को पूरा करने के लिए आगे भी प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए जाएंगे। वहीं, पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने कहा कि कानून को सही मायने में लागू करने के लिए ग्रामीणों और ग्राम प्रधानों के साथ निरंतर संवाद स्थापित करना बेहद जरूरी है, ताकि ग्रामसभा अपने वास्तविक अधिकारों का उपयोग कर सके।


