-24 घंटे के भीतर संचालन बंद कर सभी वैधानिक दस्तावेज प्रस्तुत करने का दिया गया निर्देश
-हरिओम टावर, ली डिजायर कॉम्प्लेक्स, सर्कुलर रोड व ईस्ट जेल रोड के नामी संस्थान भी रडार पर
-निर्धारित समय-सीमा में निर्देशों का पालन नहीं करने पर सीलिंग के साथ होगी कानूनी कार्रवाई
शहर में नियमों को ताक पर रखकर संचालित हो रहे हॉस्टल, लॉज, लाइब्रेरी और कोचिंग संस्थानों के खिलाफ रांची नगर निगम ने अपना शिकंजा कस दिया है। नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ऐसे 45 संस्थानों को अंतिम स्मार नोटिस जारी किया है। इन सभी संस्थानों को 24 घंटे के भीतर अपना संचालन बंद करने और सभी अनिवार्य वैधानिक दस्तावेज निगम कार्यालय में प्रस्तुत करने का सख्त निर्देश दिया गया है। निगम प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर आदेश का पालन नहीं करने वाले संस्थानों को सील करने के साथ-साथ उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
फायर एनओसी और स्वीकृत भवन प्लान अनिवार्यः
रांची नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, शहर में किसी भी व्यावसायिक संस्थान, कोचिंग या हॉस्टल के संचालन के लिए ट्रेड लाइसेंस, हॉस्टल पंजीकरण, वाणिज्यिक होल्डिंग, अग्निशमन विभाग (फायर) का एनओसी और स्वीकृत भवन प्लान जैसे दस्तावेज अनिवार्य हैं। झारखंड नगरपालिका अधिनियम, 2011 और झारखंड भवन उपविधि, 2016 के प्रावधानों का उल्लंघन कर आवासीय या गैर-निर्धारित भवनों में व्यावसायिक गतिविधियां चलाना गैरकानूनी है। निगम ने दो टूक कहा है कि स्वीकृत भवन प्लान में निर्धारित उपयोग के विपरीत किसी भी प्रकार की व्यावसायिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कार्रवाई की जद में शहर के कई प्रमुख संस्थानः
निगम द्वारा जारी की गई 45 संस्थानों की सूची में लालपुर स्थित हरिओम टावर और ली डिजायर कॉम्प्लेक्स में चल रहे कई नामी कोचिंग संस्थान शामिल हैं। इसके अलावा ईस्ट जेल रोड, सर्कुलर रोड और थड़पखना क्षेत्र के कई हॉस्टल, लॉज और लाइब्रेरी पर भी गाज गिरी है। नोटिस पाने वाले प्रमुख संस्थानों में फिटजी, न्यूटन ट्यूटोरियल्स, करियर प्वाइंट, विजन आईएएस, विनय आईएएस एकेडमी, पॉडार कॉमर्स एकेडमी, उड़ान आईएएस एकेडमी, द लर्नर्स हब, आरसी डिफेंस एकेडमी और योद्धा डिफेंस एकेडमी सहित अन्य संस्थान शामिल हैं।
पहले भी 10 संस्थानों पर लग चुका है तालाः
गौरतलब है कि नगर निगम ने इससे पूर्व भी 10 संस्थानों को अंतिम नोटिस जारी किया था। संतोषजनक जवाब और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर निगम ने उनका संचालन बंद करा दिया था। इनमें लक्ष्य डिफेंस एकेडमी, आरसी फिजिकल एकेडमी, कमांडो फिजिकल एकेडमी, किरण एकेडमी, जीएस नेक्सस, द लर्नर हब, भाभा करियर इंस्टीट्यूट और अयान्श द सिविल सर्विसेज आदि शामिल थे। निगम की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से शहर के कोचिंग और लॉज संचालकों में हड़कंप मच गया है।


