-अंश क्लब कांके ने आजाद स्पोर्टिंग पतरातू को 4-0 से दी करारी शिकस्त, दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी मिका चमके
-दूसरे मुकाबले में आतिश स्पोर्टिंग तुरुप ने ब्लैक पैंथर माथटोली को 2-0 से हराया
लुपुंग स्थित अनगड़ा स्टेडियम में चल रहे 21वें चैंपियंस ट्रॉफी फुटबॉल टूर्नामेंट में मंगलवार को दो रोमांचक मुकाबले खेले गए। अपने-अपने मैचों में शानदार प्रदर्शन करते हुए अंश क्लब कांके और आतिश स्पोर्टिंग तुरुप ने टूर्नामेंट के क्वार्टरफाइनल में प्रवेश कर लिया है।
दिन के पहले एकतरफा मुकाबले में अंश क्लब कांके ने आजाद स्पोर्टिंग पतरातू को 4-0 से रौंद दिया। कांके के आक्रामक खेल के आगे पतरातू की टीम बेबस नजर आई। कांके की ओर से मनोहर ने 13वें और 40वें मिनट में दो बेहतरीन गोल दागे, जबकि 38वें मिनट में मुकेश ने टीम के लिए गोल किया। एक गोल दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी मिका ने दागकर जीत सुनिश्चित की। बेहतरीन खेल के लिए मुख्य अतिथि अनगड़ा थाना प्रभारी गौतम कुमार रजवार ने मिका को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ के पुरस्कार से नवाजा।
वहीं, दूसरे मैच में आतिश स्पोर्टिंग तुरुप ने ब्लैक पैंथर माथटोली को 2-0 से शिकस्त दी। तुरुप की ओर से शंकर उरांव ने 8वें मिनट में गोल कर टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई, जिसे 66वें मिनट में नीरज करमाली ने दोगुना कर दिया। मुख्य अतिथि संजीत सिंह उर्फ राजेश ने नीरज करमाली को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार प्रदान किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि मोहन महतो, धर्मेंद्र सिंह सहित आयोजन समिति के अध्यक्ष राजेंद्र शाही मुंडा, सीईओ जेलेंद्र कुमार, कोषाध्यक्ष रामसाय मुंडा, उमेश गोप, राजेश पाहन व अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
आज के मुकाबले (25 नवंबर):
सुबह 11:00 बजे: जेएलकेएम रांची बनाम राजा स्पोर्ट्स बरियातू
दोपहर 1:00 बजे: दीपक ब्रदर्स बुढ़मू बनाम टाटीसिलवे एफसी
तीसरा मैच: अंश क्लब कांके बनाम पहले मैच की विजेता टीम


