पत्नी कल्पना सोरेन के साथ नवदंपती को दिया आशीर्वाद, सुखी वैवाहिक जीवन की कामना की; हेलीपैड पर प्रशासन ने किया स्वागत
लातेहार: लातेहार जिले के दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी पत्नी एवं गांडेय विधायक कल्पना सोरेन के साथ बरवाडीह प्रखंड के मंगरा गांव पहुंचे। यहां उन्होंने मनिका विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामचंद्र सिंह के पुत्र विजय बहादुर सिंह के विवाह समारोह में शिरकत की। इस दौरान मुख्यमंत्री और कल्पना सोरेन ने नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।
विवाह समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन ने वर विजय बहादुर सिंह एवं वधू महिमा को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने नवदंपती के जीवन में प्रेम, सद्भाव, सुख-समृद्धि और खुशहाली बनी रहने की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विधायक रामचंद्र सिंह और उनके परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर विवाह की खुशी साझा की और पूरे परिवार को इस मांगलिक अवसर की बधाई दी।
मंगरा गांव पहुंचने पर मुख्यमंत्री का स्थानीय प्रशासन की ओर से स्वागत किया गया। हेलीपैड पर प्रशासन ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने वहां मौजूद स्थानीय लोगों का अभिवादन भी स्वीकार किया।
मुख्यमंत्री का यह दौरा विधायक रामचंद्र सिंह के परिवार में आयोजित वैवाहिक समारोह में उनकी सहभागिता को लेकर रहा। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने परिवारजनों और स्थानीय लोगों से आत्मीय मुलाकात की।


