झारखंड राज्य स्थापना दिवस समारोह-2026 और राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित ‘राज्यस्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता-2026’ का गुरुवार, को शुरू हुआ। पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवाकार्य विभाग के सचिव मुकेश कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में गुब्बारे उड़ाकर, तीरंदाजी व गुलेल में हाथ आजमाकर तथा फुटबॉल का किक-ऑफ कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में खेल निदेशक छविरंजन, पूर्व हॉकी ओलंपियन मनोहर टोपनो, पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी सावित्री पूर्ति सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

ग्रामीण और जनजातीय खेल प्रतिभाओं को मंचः
राज्य की ग्रामीण और जनजातीय खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित इस दो दिवसीय (26 व 27 नवंबर) महाकुंभ में पारंपरिक और आधुनिक दोनों खेलों को शामिल किया गया है। इसमें सेकोर, गेड़ी दौड़, भारा दौड़, मटका दौड़ और गुलेल जैसे पारंपरिक खेलों के साथ-साथ हॉकी, फुटबॉल, तीरंदाजी और वॉलीबॉल की स्पर्धाएं हो रही हैं। इससे पूर्व 17 से 24 नवंबर तक जिला और प्रमंडल स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित की गई थीं। प्रमंडल स्तर से चयनित 675 खिलाड़ियों, 150 तकनीकी पदाधिकारियों और प्रशिक्षकों सहित 1000 से अधिक प्रतिभागी इसमें हिस्सा ले रहे हैं।
रांची के चार प्रमुख स्थलों पर हो रहे मुकाबलेः
प्रतियोगिता के मुकाबले राजधानी रांची के चार प्रमुख स्थलों-मरंग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम (मोरहाबादी), बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम (मोरहाबादी), सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस गर्ल्स (बरियातू) और ऑक्सीजन पार्क (मोरहाबादी) में आयोजित किए जा रहे हैं।
खेलों में झारखंड को अग्रणी बनाने का संकल्पः
इस अवसर पर मुख्य अतिथि सचिव मुकेश कुमार ने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को हरसंभव सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और झारखंड को खेल के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है। वहीं, खेल निदेशक छवि रंजन ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के अंत में उप निदेशक निर्भय कुमार ने सभी अतिथियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन किया।


