14 वर्षीय रविकांत हेंब्रम की कथित हत्या के बाद पैतृक गांव पहुंचे नेता प्रतिपक्ष, शोकाकुल परिवार को बंधाया ढांढस

चतरा। कान्हाचट्टी प्रखंड के एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, चारु में सातवीं कक्षा के छात्र 14 वर्षीय रविकांत हेंब्रम की कथित हत्या का मामला अब राजनीतिक स्तर पर भी उठने लगा है। घटना के बाद नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी मृतक छात्र के पैतृक गांव चरनी तरी, तिसरी प्रखंड पहुंचे। यहां उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
बताया गया कि दो दिन पूर्व विद्यालय में ही कुछ छात्रों द्वारा रविकांत की कथित रूप से हत्या कर दी गई थी। महज 14 साल के बच्चे की मौत से परिवार गहरे सदमे में है। बाबूलाल मरांडी ने परिजनों से बातचीत कर घटना के हालात और अब तक सामने आई जानकारी को समझने का प्रयास किया। उन्होंने दुख की इस घड़ी में परिवार के प्रति संवेदना जताई।
एसपी से फोन पर ली पुलिस कार्रवाई की जानकारी
मृतक के परिजनों से मुलाकात के बाद बाबूलाल मरांडी ने चतरा के पुलिस अधीक्षक से फोन पर बात की। इस दौरान उन्होंने घटना से जुड़े तथ्यों, अब तक की जांच और पुलिस की कार्रवाई के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने पूरे मामले की स्थिति को समझने के लिए एसपी से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
एकलव्य विद्यालय में हुई इस घटना ने छात्र की सुरक्षा और आवासीय विद्यालयों की व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।


