संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में आयोजित होने वाले आगामी ACC U19 महिला एशिया कप के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है। चयनकर्ताओं ने युवा खिलाड़ी भविका अहिरे को भारतीय महिला अंडर-19 टीम की कप्तान की अहम जिम्मेदारी सौंपी है. जबकि, अनादी तागड़े को उप-कप्तान बनाया गया है। टीम में विशेषज्ञ विकेटकीपर के रूप में श्रेया एस चव्हाण को भी जगह मिली है। इसके अलावा, दीया यादव, इरा जाधव, ईश्वरी अवसरे, समायरा राघव और 15 वर्षीय शानदार ऑलराउंडर उमा काशवी जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को शामिल किया गया है, जिन्होंने हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज में बेहतरीन प्रदर्शन कर सभी का ध्यान आकर्षित किया है। यह संतुलित युवा ब्रिगेड महाद्वीपीय टूर्नामेंट में भारत का मान बढ़ाने के लिए पूरी तरह तैयार है।

डिफेंडिंग चैंपियन के तौर पर टूर्नामेंट में उतरेगा भारत
अंडर-19 महिला एशिया कप में भारत डिफेंडिंग चैंपियन के तौर पर उतर रहा है। भारत की महिला अंडर-19 टीम ने 2024 में मलेशिया में खेले गए पहले संस्करण का खिताब जीता था। हालांकि बीसीसीआई की ओर से टूर्नामेंट के शेड्यूल के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है।
इंग्लैंड के खिलाफ भारतीय टीम की कमान संभाल रहीं भाविका
भाविका की अगुवाई में भारतीय टीम ने इस साल की शुरुआत में चेन्नई और पुडुचेरी में श्रीलंका के खिलाफ खेली गई व्हाइट-बॉल सीरीज में शानदार जीत हासिल की थी। अब वह इंग्लैंड के खिलाफ जारी टी20 सीरीज में टीम इंडिया का नेतृत्व कर रही हैं। सीरीज के दूसरे मुकाबले में भारतीय टीम ने वडोदरा के बीसीए स्टेडियम में इंग्लैंड को 106 रन से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ ही भारत ने पांच मैचों की सीरीज में 2-0 की मजबूत बढ़त बना ली है। भारत के लिए ACC U19 महिला एशिया कप 21 जनवरी से बांग्लादेश और नेपाल में होने वाले अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप के लिए एक महत्वपूर्ण तैयारी साबित होगा। इस लिहाज से भारतीय टीम अपनी तैयारी में किसी तरह की कोताही नहीं बरतना चाहेगी।
भारत की महिला अंडर-19 टीम इस प्रकार हैः
भाविका अहिरे (कप्तान व विकेटकीपर), इरा जाधव, निधि महतो, पूर्वा सिवाच, महक नरवसे, मैत्री मनियार, ईश्वरी अवसरे, दीया यादव, श्रेया एस चव्हाण (विकेटकीपर), समायरा राघव, कुमारी पलक, उमा काशवी, अच्छाह पारमार, अनादी तागड़े (उपकप्तान), पलक सिंह।


