भांग वन समेत कई सुरक्षित वन क्षेत्रों में वन विभाग की जांच, पिरी वन के हुडमूड, बेस और तिलरा में SSB के साथ चलाया संयुक्त अभियान
चतरा: जिले के सुरक्षित वन क्षेत्रों में अफीम की अवैध खेती पर लगाम लगाने के लिए वन विभाग ने निगरानी तेज कर दी है। शनिवार, 28 नवंबर को चतरा दक्षिणी वन प्रमंडल की टीम ने कई दुर्गम जंगलों में विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान भांग वन समेत विभिन्न वन क्षेत्रों की ड्रोन कैमरे से निगरानी की गई। जांच में कुछ स्थानों पर अफीम की खेती के लिए जमीन की जोताई और तैयारी किए जाने के प्रमाण मिले हैं।

चतरा वन प्रक्षेत्र के भांग वन सहित अन्य संवेदनशील इलाकों में ड्रोन की मदद से संदिग्ध स्थलों की जांच की गई। इस अभियान में सदर प्रभारी वनपाल कमल किशोर, प्रभारी वनरक्षी राकेश कुमार, खुर्शीद आलम, GIS सेल के सुजोय घोष और पशुरक्षक शामिल रहे।
वहीं, पिरी वन क्षेत्र के हुडमूड, बेस और तिलरा सहित आसपास के सुरक्षित वन क्षेत्रों में वन विभाग और सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने संयुक्त अभियान चलाया। टीम ने जंगलों में पहुंचकर संदिग्ध स्थानों की तलाशी ली। हालांकि, इस दौरान अफीम की खेती या इसके लिए जमीन की जोताई किए जाने का कोई प्रमाण नहीं मिला। अभियान के दौरान स्थानीय लोगों को वन भूमि पर पोस्ता की अवैध खेती नहीं करने और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग देने के लिए जागरूक किया गया।
इस संबंध में दक्षिणी एवं उत्तरी वन प्रमंडल के वन प्रमंडल पदाधिकारी अहमद बेलाल अनवर ने कहा कि वन भूमि पर पोस्ता (अफीम) की अवैध खेती करना कानूनन अपराध है। वन क्षेत्रों को अतिक्रमण और अवैध गतिविधियों से मुक्त रखने के लिए विभाग लगातार निगरानी कर रहा है।
उन्होंने बताया कि दुर्गम और संवेदनशील वन क्षेत्रों पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरे और भौगोलिक सूचना प्रणाली (GIS) जैसी आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे अवैध गतिविधियों की पहचान कर समय रहते आवश्यक कार्रवाई करना आसान होगा।
वन प्रमंडल पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि वन भूमि पर अतिक्रमण और अफीम की अवैध खेती के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि जंगलों में किसी भी तरह की गैरकानूनी गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल वन विभाग को सूचित करें और वन संपदा की सुरक्षा में सहयोग करें।


