मिलर ग्राउंड में बेकाबू हुई भीड़, पोस्टर फाड़े और गाड़ियों के शीशे तोड़े, पुलिस को संभालने पड़े हालात
मशहूर यूट्यूबर आर्यन केल्विन के कार्यक्रम में रविवार को जमकर हंगामा हुआ। पटना के मिलर ग्राउंड में उन्हें देखने और उनकी एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। लेकिन कुछ ही देर में भीड़ को संभालना मुश्किल हो गया। देखते ही देखते धक्का-मुक्की शुरू हो गई और फिर पत्थरबाजी और लाठी-डंडों के बीच कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, भीड़ में अचानक धक्का-मुक्की शुरू हुई, जिसके बाद मामला बिगड़ता चला गया। कुछ लोग लाठी-डंडे लेकर सड़क पर उतर आए। नाराज लोगों ने मिलर ग्राउंड के साथ-साथ पास में स्थित भाजपा और जदयू कार्यालयों के बाहर भी हंगामा किया। इस दौरान पोस्टर फाड़े गए और कई वाहनों के शीशे तोड़ दिए गए।
हंगामे के बीच उपद्रवियों ने पुलिस बल पर भी पथराव किया। हालात बिगड़ते देख मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी और प्रशासनिक अधिकारी भीड़ को नियंत्रित करने में जुट गए। भीड़ को तितर-बितर करने और स्थिति संभालने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
जिस कार्यक्रम में अपने पसंदीदा यूट्यूबर की एक झलक पाने के लिए लोग जुटे थे, वहां अचानक हुए हंगामे ने पूरे इलाके का माहौल बिगाड़ दिया। फिलहाल इस घटना ने सार्वजनिक कार्यक्रमों में भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।


