रांची: छात्र आंदोलन में शामिल होने के लिए दूसरे जिलों से रांची पहुंचे छात्रों की सुरक्षित वापसी को लेकर जिला प्रशासन ने पहल की है। आंदोलन समाप्त होने के बाद अपने-अपने जिलों को लौटने वाले छात्रों को परिवहन संबंधी परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और नजदीकी जिलों तक सामूहिक परिवहन की व्यवस्था करने की जानकारी दी है।
प्रशासन के मुताबिक, बाहर से आए किसी भी छात्र को अकेले या असहाय होकर घर लौटने के लिए परेशान न होना पड़े, इसके लिए आवश्यकतानुसार परिवहन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
हेल्पलाइन नंबर जारी
छात्रों की सुविधा और आवश्यक सहायता के लिए जिला प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर 9162738438 जारी किया है। दूसरे जिलों से आए छात्र परिवहन संबंधी सहायता के लिए इस नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। प्राप्त सूचना के आधार पर प्रशासन की ओर से आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
‘छात्रों की सुरक्षा और सुविधा प्राथमिकता’
जिला प्रशासन ने कहा है कि छात्रों की सुरक्षा, सुविधा और सकुशल घर वापसी प्राथमिकता है। प्रशासन की ओर से छात्रों से अपील की गई है कि वे शांतिपूर्ण एवं अनुशासित तरीके से अपने घरों की ओर लौटें।
किसी भी तरह की परिवहन संबंधी परेशानी या आवश्यक सहायता की स्थिति में छात्र 9162738438 पर संपर्क कर सकते हैं। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जरूरतमंद छात्रों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
इसे भी पढ़े – रांची में देर रात DC-SSP की प्रेस कॉन्फ्रेंस, 14 पुलिसकर्मी घायल; छात्रों से घर लौटने की अपील


