रांची के रातू रोड एलिवेटेड कॉरिडोर के नीचे के हिस्से को झारखंड की पारंपरिक सोहराई पेंटिंग से सजाने की योजना एक बार फिर आगे बढ़ी है। लंबे समय से प्रस्तावित इस सुंदरीकरण कार्य के लिए NHAI ने दोबारा टेंडर जारी किया है।
करीब 1.10 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले इस कार्य के लिए इच्छुक एजेंसियां 1 सितंबर तक टेंडर जमा कर सकती हैं। इससे पहले भी इस काम के लिए टेंडर जारी किया गया था, लेकिन किसी एजेंसी के हिस्सा नहीं लेने के कारण प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी थी।
एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण पूरा हुए काफी समय बीत चुका है, लेकिन इसके नीचे सोहराई पेंटिंग का काम अब तक शुरू नहीं हो पाया। ऐसे में नए सिरे से टेंडर जारी होने के बाद इस योजना के धरातल पर उतरने की उम्मीद बढ़ी है।
बताया गया है कि रातू रोड एलिवेटेड कॉरिडोर के नीचे सोहराई कला के जरिए शहर के इस हिस्से को आकर्षक बनाने की योजना को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की मंजूरी मिल चुकी है। अब NHAI की नई टेंडर प्रक्रिया के बाद एजेंसी का चयन किया जाएगा और इसके बाद पेंटिंग का काम शुरू होने की संभावना है।
यानी, रांची के इस प्रमुख कॉरिडोर के नीचे अब झारखंड की पारंपरिक कला और संस्कृति की झलक देखने को मिल सकती है।
इसे भी पढ़े – JPSC 14वीं सिविल सेवा PT में कथित धांधली की जांच तेज, रांची-हजारीबाग में CID की छापेमारी


