देवघर में कड़ी सुरक्षा के बीच किए बाबा के दर्शन, कहा- ‘बाबा पर पूरा भरोसा, वे ही रास्ता दिखाएंगे
भारतीय क्रिकेटर ईशान किशन शुक्रवार को झारखंड के देवघर में बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर गए. उन्होंने अपने पूरे परिवार के साथ भगवान शिव की पूजा की और बाबा का आशीर्वाद लिया. जिला प्रशासन ने मंदिर में कड़ी सिक्योरिटी की, जिसके बीच ईशान किशन ने परिवार संग बाबा के दर्शन किए और पूजा की. ईशान किशन के आने की खबर मिलते ही मंदिर में पुजारियों और भक्तों की भीड़ जमा हो गई. कई लोग उनके साथ सेल्फी लेने के लिए बेताब थे. हालांकि, उन्हें कड़ी सिक्योरिटी के बीच मंदिर के अंदर पूजा करने की इजाजत दी गई. बाबा बैद्यनाथ धाम में पूजा-अर्चना के बाद ईशान किशन जिला पदाधिकारी नवीन कुमार के आवास पर पहुंचकर उनसे और उनके परिवार के सदस्यों से आत्मीय मुलाकात की. डीएम और ईशान किशन के बीच काफी देर तक बातचीत हुई. इस दौरान क्रिकेटर ने अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर, खेल यात्रा और क्रिकेट के मैदान पर अर्जित अनुभवों को साझा किया.

जमुई डीएम से की आत्मीय मुलाकात, सोनो और चकाई में प्रशंसकों ने किया भव्य स्वागत
बातचीत के क्रम में जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने ईशान किशन को जमुई जिले की प्राकृतिक सुंदरता, धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्ता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन की संभावनाओं से अवगत कराया. उन्होंने भगवान महावीर की जन्मस्थली के रूप में जमुई की विशिष्ट पहचान के साथ नागी-नकटी पक्षी आश्रयणी, गिद्धेश्वर वन्य क्षेत्र और पंचभूर झरना सहित जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों की विशेषताओं की जानकारी दी. ईशान किशन ने भी जमुई की प्राकृतिक संपदा और धार्मिक विरासत से जुड़ी जानकारियों को काफी रुचि के साथ सुना तथा दोबारा जमुई आने की इच्छा जताई.
वहीं, देवघर से लौटने के दौरान सोनो और चकाई में युवाओं एवं क्रिकेट प्रशंसकों ने ईशान किशन का भव्य स्वागत किया. अपने पसंदीदा क्रिकेटर को सामने देखकर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला. प्रशंसकों ने उनके साथ मुलाकात की और उन्हें फिर से जमुई आने का आग्रह किया. लिहाजा, ईशान किशन की इस यात्रा ने स्थानीय क्रिकेट प्रेमियों के बीच खास उत्साह पैदा कर दिया.
बाबा से आशीर्वाद लेने आये हैं: ईशान किशन
पूजा के बाद मीडिया से बात करते हुए ईशान किशन ने बाबा बैद्यनाथ में अपनी गहरी आस्था जताई. उन्होंने कहा कि मुझे बाबा बैद्यनाथ पर पूरा भरोसा है. उन्होंने कहा कि भगवान शिव उनकी सभी मनोकामनाएं पूरी करेंगे. उन्होंने बताया कि उनके मन में कुछ इच्छाएं हैं और उसी के साथ वह अपने परिवार के साथ बाबा का आशीर्वाद लेने आए.
जब ईशान किशन से पूछा गया कि बाबा बैद्यनाथ सबकी मुरादें पूरी करते हैं तो आने वाली सीरीज के लिए उनकी बाबा क्या खास मुराद है? उन्होंने कहा कि मैं आपको कैसे बताऊं कि मैंने क्या मुराद मांगी है? वह बोले कि मैं यहां पूरे दिल से आता हूं. मेरा मन भगवान में लगा रहता है. मैं बस साफ मन से आता हूं. जब बाबा बुलाते हैं, मैं यहां आ जाता हूं.
जब उनसे उनके भविष्य के बारे में पूछा गया तो ईशान ने कहा कि उन्हें बाबा भोलेनाथ पर पूरा भरोसा है. बाबा ने अब तक हर मुश्किल से निकलने में उनकी मदद की है और आगे भी उन्हें रास्ता दिखाते रहेंगे. उन्होंने कहा कि वह सिर्फ किसी बड़े मैच या सीरीज से पहले ही मंदिर नहीं जाते, बल्कि जब भी बाबा बुलाते हैं, वह दर्शन के लिए जाते हैं. ईशान ने यह भी कहा कि कभी-कभी कुछ मांगने के बजाय भगवान का शुक्रिया अदा करना बेहतर होता है.
वैभव सूर्यवंशी के बारे में उन्होंने यह कहा- वैभव अच्छा परफॉर्म कर रहा हैः
ईशान किशन ने इंडियन क्रिकेट टीम के परफॉर्मेंस पर भी कमेंट किया. उन्होंने कहा कि भारतीय टीम अच्छा कर रही है. उन्होंने युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी की भी तारीफ की और उन्हें फायरब्रांड क्रिकेटर बताया. ईशान के मुताबिक, वैभव अच्छा परफॉर्म कर रहे हैं और इस समय टीम को उनकी जरूरत है.


