रांची: राजधानी रांची के बरियातू थाना क्षेत्र में रविवार की देर रात फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया। मंडा बगीचा में शराब पार्टी के दौरान विवाद के बाद गोली चलने की बात सामने आई है। फायरिंग में कमड़े, रातू निवासी टोनी लोहरा घायल हो गया। गोली उसके पेट में लगी है। गंभीर हालत में उसे रिम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

शराब पार्टी के बीच हुआ विवाद, फिर चली गोली
स्थानीय लोगों के मुताबिक, रविवार देर रात मंडा बगीचा में कई युवक जुटे थे। बताया जा रहा है कि वहां शराब पार्टी चल रही थी। रात करीब 2 बजे अचानक फायरिंग की आवाज सुनाई दी। गोली चलते ही मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और वहां मौजूद कई युवक इधर-उधर भागने लगे।
स्थानीय लोगों ने बताया कि घटनास्थल पर एक युवक खून से लथपथ हालत में पड़ा था। इसके बाद कुछ लोगों ने उसे उठाकर वाहन से अस्पताल पहुंचाया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। इसी दौरान एक पक्ष की ओर से गोली चलाए जाने की बात कही जा रही है।
गोली टोनी लोहरा के पेट में लगी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस घायल युवक के होश में आने और उसका बयान दर्ज होने का इंतजार कर रही है।
सुबह जानकारी मिलने के बाद हरकत में आई पुलिस
घटना की जानकारी सोमवार सुबह पुलिस को मिली। इसके बाद सदर DSP संजीव बेसरा और बरियातू थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मंडा बगीचा पहुंचे और घटनास्थल की जांच शुरू की।
पुलिस मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना के पीछे की वजह का पता लगाने का प्रयास कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि रात में वहां कौन-कौन लोग मौजूद थे और फायरिंग के बाद कौन लोग मौके से फरार हुए।
घायल के बयान से खुल सकता है पूरा मामला
सदर डीएसपी संजीव बेसरा ने बताया कि गोलीबारी की घटना में एक युवक घायल हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि घटना के पीछे क्या वजह रही और फायरिंग किसने की, इसकी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।
पुलिस के अनुसार, घायल टोनी लोहरा के होश में आने और उसका बयान दर्ज होने के बाद घटनाक्रम की तस्वीर और स्पष्ट हो सकती है। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है।
इसे भी पढ़े – JSSC-CGL केस में CID का बड़ा एक्शन, एक और सफल अभ्यर्थी समीर कुमार गिरफ्तार



