झरिया कोयलांचल में दशकों से जारी भूमिगत आग और भू-धंसान की समस्या से प्रभावित परिवारों के सुरक्षित पुनर्वास को लेकर केंद्र सरकार ने निगरानी तेज कर दी है। इसी सिलसिले में 30 नवंबर को कोयला मंत्रालय के सचिव विक्रम देव दत्त की अध्यक्षता में झरिया पुनर्वास योजना की समीक्षा बैठक प्रस्तावित है। इसके बाद दिसंबर के दूसरे सप्ताह में प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव पीके मिश्रा और उनके वरिष्ठ सलाहकार तरुण कपूर पूरी योजना की प्रगति की समीक्षा करेंगे। पुनर्वास की धीमी गति और आधारभूत संरचना से जुड़ी योजनाओं में हो रही देरी को लेकर प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) लगातार नजर बनाए हुए है।
पुनर्वास की धीमी रफ्तार पर होगी चर्चा
समीक्षा बैठकों में झरिया पुनर्वास एवं विकास प्राधिकार (जेआरडीए) की कार्ययोजना, अग्नि प्रभावित परिवारों की शिफ्टिंग और निर्माणाधीन योजनाओं की प्रगति का आकलन किया जाएगा। खास तौर पर निविदा प्रक्रिया में आ रही अड़चनों, आधारभूत सुविधाओं के विकास और प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर बसाने में तेजी लाने पर चर्चा होगी। इसके साथ ही संबंधित एजेंसियों की जवाबदेही भी तय की जा सकती है।
5,940 करोड़ से अधिक की संशोधित मास्टर प्लान को मंजूरी
केंद्र सरकार ने 25 जून 2025 को संशोधित झरिया मास्टर प्लान को मंजूरी दी थी। इसके लिए कुल 5,940.47 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। योजना के पहले चरण में 81 सबसे संवेदनशील स्थलों से 15,080 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर बसाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इनमें 649 बीसीसीएल परिवार, 1,130 रैयत (एलटीएच) और 13,301 गैर रैयत (नॉन एलटीएच) परिवार शामिल हैं। पहले चरण के पुनर्वास को दिसंबर 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य है।
बेलगड़िया के पुराने आवासों का होगा उन्नयन
पुनर्वास की प्रक्रिया को गति देने के लिए बेलगड़िया टाउनशिप में पहले से निर्मित विस्थापित आवासों की स्थिति सुधारने की योजना बनाई गई है। इसके तहत फेज-1, फेज-2 और फेज-3 के आवासों के उन्नयन के लिए जेआरडीए ने करीब 82.46 करोड़ रुपये की निविदा जारी की है।
इसका उद्देश्य आवासों के साथ पानी, बिजली, सड़क, स्वच्छता और अन्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाना है, ताकि विस्थापित परिवारों को रहने योग्य वातावरण मिल सके।
67 करोड़ की सीवरेज योजना निविदा में फंसी
बेलगड़िया में सीवरेज व्यवस्था विकसित करने की करीब 62.37 करोड़ रुपये की परियोजना में निविदा प्रक्रिया के कारण देरी हुई है। इसके तहत 5.2 एमएलडी क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी), सीवर नेटवर्क और संचालन व्यवस्था विकसित की जानी है।
पहली निविदा 17 अक्टूबर 2026 को जारी हुई थी, लेकिन इसमें केवल एक एजेंसी ने हिस्सा लिया। पर्याप्त प्रतिस्पर्धा नहीं होने के कारण 4 नवंबर को निविदा रद्द कर दी गई। इसके बाद दोबारा निविदा प्रक्रिया शुरू की गई। दूसरे कॉल की अंतिम तिथि 30 नवंबर और निविदा खुलने की तारीख 2 दिसंबर 2026 निर्धारित है। परियोजना में पांच वर्षों का संचालन एवं रखरखाव भी शामिल है।
विकास कार्यों पर करोड़ों रुपये होंगे खर्च
बेलगड़िया टाउनशिप में पुनर्वास को बेहतर बनाने के लिए कई आधारभूत और सामाजिक सुविधाओं से जुड़ी योजनाएं प्रस्तावित हैं। प्रमुख योजनाएं और उनकी अनुमानित लागत इस प्रकार हैं:
आवासों का उन्नयन (फेज-1, 2 और 3): 82.46 करोड़ रुपये।
सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट और सीवर नेटवर्क: 62.37 करोड़ रुपये।
स्किल डेवलपमेंट सेंटर (फेज-4): 2.16 करोड़ रुपये।
मेगा स्किल डेवलपमेंट सेंटर: 3.71 करोड़ रुपये।
आरएसपी कॉलेज का नवीनीकरण एवं उन्नयन: 6 करोड़ रुपये।
फेज-1 में सड़क एवं पेवर ब्लॉक निर्माण: 2.90 करोड़ रुपये।
फेज-2 और फेज-3 में पीसीसी सड़क निर्माण: 2.90 करोड़ रुपये।
दो सामुदायिक भवनों का निर्माण: 3.60 करोड़ रुपये।
रोजगार और बेहतर सुविधाओं पर भी फोकस
पुनर्वास योजना का उद्देश्य केवल प्रभावित परिवारों को मकान उपलब्ध कराना नहीं है, बल्कि उनके लिए बेहतर जीवनस्तर और रोजगार के अवसर तैयार करना भी है। इसी कारण कौशल विकास केंद्र, कॉलेज उन्नयन, सड़क, सीवरेज और सामुदायिक भवनों जैसी योजनाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। अब 30 नवंबर की कोयला मंत्रालय की समीक्षा बैठक से इन परियोजनाओं की प्रगति और पुनर्वास की रफ्तार को लेकर महत्वपूर्ण दिशा मिलने की उम्मीद है।


