बोकारो: राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर जिला प्रशासन की ओर से सोमवार को खिलाड़ियों और विभिन्न खेल संघों के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि बोकारो में खेल संस्कृति को मजबूत करना और जिले की प्रतिभाओं को राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।

उपायुक्त ने बताया कि राष्ट्रीय खेल दिवस के तहत चलाए गए ‘एक घंटा खेल के मैदान में’ अभियान में 28 से 30 अगस्त के बीच लोगों से कम से कम एक घंटे खेल गतिविधि में शामिल होकर तस्वीर अपलोड करने की अपील की गई थी। अब तक 1,577 लोगों ने अपनी तस्वीरें अपलोड की हैं। अभियान को अब एक महीने के लिए बढ़ा दिया गया है।
उन्होंने कहा कि बोकारो में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर व्यक्ति को रोजाना कम से कम एक घंटा खेल के लिए देना चाहिए। उन्होंने खेल संघों से यह सुनिश्चित करने की अपील की कि खेल का मैदान कभी खाली न रहे और नए खिलाड़ियों को लगातार अवसर मिलते रहें।
प्रतिभाओं की पहचान पर जोर
उपायुक्त ने कहा कि जिले में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कमी नहीं है। खेल संघों से खिलाड़ियों और खेल गतिविधियों की जानकारी मांगी गई है, जिसके आधार पर उपलब्ध संसाधनों और निधि से खेल के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में काम किया जाएगा।
उन्होंने बोकारो की औद्योगिक इकाइयों और कंपनियों से भी अपील की कि वे कम से कम दो खेलों को गोद लेकर वर्षभर की खेल गतिविधियों में सहयोग और प्रायोजन करें।
प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन ने कहा कि ताइक्वांडो, तिरंदाजी, क्रिकेट और बास्केटबॉल सहित कई खेलों में जिले में प्रतिभाएं मौजूद हैं। उन्होंने जमीनी स्तर पर छिपी प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के अवसर देने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष गोपाल ठाकुर सहित विभिन्न खेल संघों के प्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन की पहल की सराहना की। इस दौरान खेल गतिविधियों, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के आयोजन में योगदान देने वाले खेल संघों के प्रतिनिधियों को मेडल और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मौके पर जिला खेल पदाधिकारी हेमलता बून, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सुमन गुप्ता, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, वरीय लेखा पदाधिकारी पंकज दुबे, जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी शक्ति कुमार समेत विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी और खेल प्रेमी मौजूद रहे।
इसे भी पढ़े – रांची में पेंशन दरबार: सेवानिवृत्ति के दिन ही 8 शिक्षकों को मिले सभी रिटायरमेंट लाभ



