हजारीबाग के बड़कागांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने कुख्यात प्रिंस खान गैंग के एक सक्रिय अपराधी को गिरफ्तार कर बड़ी आपराधिक वारदात की साजिश को नाकाम कर दिया है। गिरफ्तार आरोपी के पास से एक देसी पिस्टल, छह जिंदा कारतूस, प्रिंस खान और KSS गैंग के नाम लिखा पर्चा तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि प्रिंस खान गैंग से जुड़े कुछ अपराधी कोयलांग बाकपंजा जंगल में इकट्ठा होकर किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। इस सूचना के सत्यापन के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बड़कागांव के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसने जंगल पहुंचकर निगरानी शुरू की।
तीन में से एक बदमाश पकड़ा गया
निगरानी के दौरान सड़क किनारे टूटे मिट्टी के मकान के पीछे छिपे तीन युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने पीछा करते हुए एक युवक को दबोच लिया, जबकि बाकी दो जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए। पकड़े गए आरोपी की पहचान बड़कागांव के तलसवार निवासी संदीप मेहता उर्फ संदीप कुशवाहा (25) के रूप में हुई है।
हाईवा फायरिंग कांड का भी खुलासा
पूछताछ में संदीप ने खुलासा किया कि फरार दोनों युवकों को गैंग लीडर प्रिंस खान ने हथियार और गोलियां देकर बड़ी वारदात के लिए भेजा था। इसके साथ ही उसने 25 जुलाई 2026 को बुढ़ना घाटी स्थित 13 माइल ट्रांसपोर्टिंग रोड पर हाईवा वाहन पर हुई गोलीबारी में भी शामिल होने की बात कबूल की। उसके अनुसार, यह घटना प्रिंस खान के निर्देश और पिपराडीह निवासी अंकित कुमार पांडेय के कहने पर कुणाल कुमार पांडेय के साथ मिलकर की गई थी। इस मामले में अंकित कुमार पांडेय और कौशल पांडेय उर्फ ओमप्रकाश पांडेय के भी शामिल होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब फरार आरोपियों समेत गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है और पूरे नेटवर्क को खंगालने का प्रयास कर रही है।
इसे भी पढ़े – First AC में खुला शराब तस्करी का खेल, कौन है नेहा ? दरभंगा से क्या है कनेक्शन ?


