रविवार देर रात लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र स्थित के कोमर गांव में एक जंगली हाथी की करंट लगने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हाथी बिजली के तार की चपेट में आ गया, जिससे उसकी जान चली गई। इसके साथ ही झुंड में शामिल कुछ अन्य हाथियों के भी करंट से घायल होने की सूचना है। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
गांव में लगातार उत्पात मचा रहा था झुंड
कोमर गांव और उसके आसपास के इलाकों में जंगली हाथियों का आतंक इन दिनों अपने चरम पर था। रात होते ही हाथियों का झुंड गांव में घुसकर घरों और खेतों को नुकसान पहुंचाता था। बीती रात भी झुंड गांव में दाखिल हुआ था, जिसी दौरान एक घर के बाहर लगे बिजली के तार की चपेट में झुंड आ गया और एक हाथी की मौत हो गई। ग्रामीणों के मुताबिक रातभर हाथियों के चिंघाड़ने की आवाजें आती रहीं, जिससे कुछ और हाथियों के घायल होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
खेत में लगा था खतरनाक तार
वन विभाग के ट्रैकर पप्पू महतो ने बताया कि रात करीब 2 बजे तक करीब 15 हाथियों के झुंड पर नजर रखी जा रही थी और उसे गांव से खदेड़ भी दिया गया था। लेकिन झुंड दोबारा लौटकर एक ग्रामीण के मकई के खेत की ओर चला गया, जहां पहले से बिजली का तार लगा हुआ था, जिसकी चपेट में आकर एक हाथी की मौके पर ही मौत हो गई। वन समिति अध्यक्ष सुनील उरांव ने कहा कि बार-बार मना करने के बावजूद खेत में खतरनाक तार लगाने के कारण ही यह हादसा हुआ।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
फॉरेस्ट रेंज पदाधिकारी नंद कुमार मेहता के अनुसार, मृतक हाथी के पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल टीम गठित की जा रही है, जिसकी रिपोर्ट के बाद ही मौत का सही कारण सामने आएगा। लातेहार डीएफओ प्रवेश अग्रवाल ने भी घटना की पुष्टि करते हुए जांच जारी होने की जानकारी दी।
इसे भी पढ़े – हजारीबाग: प्रिंस खान गैंग का नेटवर्क बेनकाब, तीन में से एक बदमाश गिरफ्तार, दो फरार


