भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 7 सितंबर को झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश और राजस्थान समेत कई राज्यों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
झारखंड में 12 सितंबर तक बारिश का सिलसिला
मौसम केंद्र रांची के अनुसार, झारखंड में 7 से 12 सितंबर तक कई इलाकों में बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। 7-8 सितंबर को 30-40 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ वज्रपात और गर्जन हो सकता है, जबकि 9 सितंबर को पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और हजारीबाग में भारी बारिश की आशंका है।
बिहार और यूपी में भी अलर्ट जारी
मौसम विभाग पटना के अनुसार, उत्तर-पश्चिम और उत्तर-मध्य बिहार के जिलों में मेघ गर्जन और वज्रपात की चेतावनी है, वहीं दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर, सीतामढ़ी और सुपौल में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। उधर, पूर्वी उत्तर प्रदेश के वाराणसी, गोरखपुर, प्रयागराज, आजमगढ़, बलिया समेत कई जिलों में 7 और 8 सितंबर को आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।
मध्य प्रदेश के 13 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मध्य प्रदेश में गुना, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, सतना, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ समेत 13 जिलों में 7 सितंबर को भारी बारिश की चेतावनी दी गई है, जो 12 सितंबर तक जारी रह सकती है।
राजस्थान और पश्चिम बंगाल का हाल
राजस्थान में 7 सितंबर से बारिश की गतिविधियों में कमी आने की उम्मीद है, हालांकि जयपुर, भरतपुर और कोटा में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं पश्चिम बंगाल के उप-हिमालयी क्षेत्र और गंगा के मैदानी इलाकों में 7 से 12 सितंबर के बीच भारी बारिश, आंधी-तूफान और वज्रपात की संभावना जताई गई है। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।


