रांची। रांची के कांके थाना क्षेत्र में एक युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। हत्या के बाद अपराधियों ने शव को पोटपोटो नदी में फेंक दिया। लगातार बारिश और नदी के तेज बहाव के कारण पुलिस को शव बरामद करने में तीन दिन तक सर्च अभियान चलाना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, कांके के चैड़ी बस्ती के पास मंगलवार देर रात गोली चलने की आवाज ग्रामीणों ने सुनी थी। बुधवार सुबह नदी किनारे खून के निशान दिखाई देने के बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कांके पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के इलाके के साथ नदी में भी तलाश शुरू की।
तेज बहाव के बीच तीन दिन चला सर्च ऑपरेशन
पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती लगातार हो रही तेज बारिश और पोटपोटो नदी का बढ़ा हुआ जलस्तर था। इसके बावजूद दो दर्जन से अधिक पुलिसकर्मियों की टीम ने नदी और उसके आसपास लगातार तलाशी अभियान चलाया।
काफी मशक्कत के बाद शुक्रवार सुबह घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर अरसंडे के जय प्रकाश नगर के समीप नदी से युवक का शव बरामद किया गया।
25 वर्षीय राजन तिर्की की हुई पहचान
बरामद शव की पहचान कांके थाना क्षेत्र के चामा निवासी 25 वर्षीय राजन तिर्की के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, युवक के शरीर पर गोली लगने के निशान मिले हैं। इससे प्रथम दृष्टया गोली मारकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारण और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
हत्या के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद पुलिस हत्या के कारणों और इसमें शामिल अपराधियों का पता लगाने में जुट गई है। ग्रामीण एसपी और डीएसपी के मार्गदर्शन में कांके पुलिस मामले की अलग-अलग पहलुओं से जांच कर रही है। पुलिस टीम संभावित आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
फिलहाल युवक की हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ घटना से जुड़े अन्य सुराग भी जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के कारण और इसमें शामिल लोगों के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।


