रांची: राजधानी रांची में बदमाशों ने हथियार के बल पर एक युवक को अगवा कर लिया, लेकिन पुलिस की तेज कार्रवाई ने महज दो घंटे के भीतर उसे सुरक्षित बचा लिया। यह घटना अरगोड़ा थाना क्षेत्र के कडरू इलाके में रविवार देर रात करीब एक बजे हुई, जब हथियारों से लैस बदमाशों के एक गुट ने युवक को जबरन गाड़ी में बैठाकर ले गए।

घटना की सूचना मिलते ही युवक के परिजन घबराए हुए पुलिस के पास पहुंचे और पूरी जानकारी दी। मामला गंभीर होते देख वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने बिना देरी किए एक विशेष टीम गठित की। नगर पुलिस अधीक्षक पारस राणा के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी सूचना तंत्र और खुफिया जानकारी के आधार पर संदिग्ध ठिकानों की तलाश शुरू की और कई स्थानों पर छापेमारी की।
दो घंटे के भीतर पुलिस टीम ने किया बरामद
घटना के करीब दो घंटे के भीतर पुलिस टीम ने नगड़ी इलाके में घेराबंदी कर एक संदिग्ध स्थान पर दबिश दी, जहां से अपहृत युवक को बरामद कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, जब टीम वहां पहुंची तो हालात चौंकाने वाले थे युवक नग्न अवस्था में पड़ा मिला और उसके साथ अपहरणकर्ताओं ने मारपीट भी की थी। यह भी सामने आया है कि बदमाशों ने युवक की नग्न अवस्था में वीडियो भी बनाई थी।
पुलिस ने युवक को तत्काल इलाज और देखभाल के लिए अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल पुलिस अपहरण की वजह, आरोपियों की पहचान और घटना में इस्तेमाल हथियारों समेत अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है। बता दें कि इससे पहले 7 सितंबर को भी रांची पुलिस ने विधायक जनार्दन पासवान के बेटे के अपहरण के मामले में इसी तरह तेजी से कार्रवाई करते हुए उसे दो घंटे में बरामद किया था।


