धनबाद सिविल कोर्ट स्थित विशेष एमपी-एमएलए (MP-MLA) कोर्ट ने डुमरी विधायक और जेएलकेएम (JLKM) अध्यक्ष जयराम महतो को बड़ी राहत देते हुए उनकी अग्रिम जमानत दे दी है। सरकारी कार्य में बाधा डालने और विधि-व्यवस्था भंग करने के गंभीर आरोपों से घिरे विधायक महतो और अन्य नामजद आरोपियों की अग्रिम जमानत अर्जी पर सुनवाई पूरी करने के बाद अदालत ने यह फैसला सुनाया।

बुधवार की सुनवाई के दौरान कोर्ट के पूर्व के आदेश के आलोक में अनुसंधानकर्ता की ओर से कोर्ट के समक्ष केस डायरी प्रस्तुत की गई थी।
कोर्ट ने अग्रिम जमानत दिया
पुलिस की ओर से प्रस्तुत की गई केस डायरी में दर्ज साक्ष्यों, पुलिस द्वारा एकत्रित किए गए तथ्यों और लोक अभियोजक की ओर से सुनवाई के दौरान दी गई दलीलों को सुनने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए अदालत ने विधायक जयराम महतो को अग्रिम जमानत दी। यह आपराधिक वाद बरवाअड्डा थाना में दर्ज प्राथमिकी से संबंधित है। इस केस से जुड़े तीन अन्य आरोपियों को भी कोर्ट ने अग्रिम जमानत दे दी है।
21 अगस्त का है मामला
यह पूरा विवाद 21 अगस्त को बरवाअड्डा थाना परिसर में पुलिस प्रशासन और विधायक समर्थकों के बीच हुए उग्र टकराव से जुड़ा है। इस घटना के बाद थाना प्रभारी की विधिक शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। विधायक जयराम महतो के अलावा 10 नामजद और 40-50 अज्ञात अभियुक्तों के विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने समेत अन्य गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। कोर्ट के इस फैसले के बाद विधायक जयराम महतो और उनके समर्थकों में राहत की लहर देखी जा रही है। मामले की आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी रहेगी।
इसे भी पढ़े – गैंगस्टर प्रिंस खान के भाई को पुलिस ने हथकड़ी लगाकर घुमाया सड़कों पर


