राजधानी के सदर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज चोरी का मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। यहां एक दारोगा के घर से करीब 30 लाख रुपये नकद चोरी हो गए। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि वारदात को अंजाम देने के दौरान बदमाशों ने घर में मौजूद दारोगा की बेटी को बंधक बना लिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी।
तीज की तैयारी में गई थीं महिलाएं, घर में अकेली रह गई बेटी
जानकारी के मुताबिक, वारदात के वक्त घर की महिलाएं तीज पर्व के लिए जरूरी सामान खरीदने बाजार गई हुई थीं। इसी दौरान घर में सिर्फ दारोगा की बेटी अकेली मौजूद थी। बदमाशों ने इसी मौके का फायदा उठाया और चुपके से घर में घुस गए। युवती को अपने कब्जे में लेकर उन्होंने घर में रखी भारी नकदी समेटी और फरार हो गए।
गोड्डा में पदस्थापित हैं दारोगा, जमीन के लिए रखी थी रकम
बताया जा रहा है कि पीड़ित दारोगा फिलहाल गोड्डा जिले में पदस्थापित हैं। परिजनों के अनुसार, घर में रखे करीब 30 लाख रुपये जमीन खरीदने के मकसद से जमा किए गए थे। दारोगा चार भाइयों में से एक हैं, और यह रकम पारिवारिक जरूरत के तहत सुरक्षित मानकर घर में ही रखी गई थी।
पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी फुटेज खंगालने की तैयारी
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने और स्थानीय स्तर पर पूछताछ करने की तैयारी में जुटी है, ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके। फिलहाल मामले की गहनता से छानबीन जारी है।


