केंद्र सरकार द्वारा परिसीमन समेत अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर बुलाए गए विशेष सत्र को लेकर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि विशेष सत्र में होने वाली चर्चा और उसमें लिए जाने वाले फैसलों पर राज्य सरकार की पैनी नजर रहेगी।

मीडिया से बातचीत के दौरान हेमंत सोरेन ने कहा कि किसी भी सरकार को विशेष सत्र बुलाने का पूरा संवैधानिक अधिकार है और सरकार अपनी बातों को संवैधानिक तरीके से सदन के पटल पर रखती है। उन्होंने कहा कि विशेष सत्र के दौरान विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होगी और सदन में बहस के बाद जो तथ्य व निष्कर्ष सामने आएंगे, उसी के आधार पर राज्य सरकार की ओर से आगे की प्रतिक्रिया दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने इस बात का भी उल्लेख किया कि पूर्व में झारखंड सरकार द्वारा भी आवश्यकतानुसार विशेष सत्र बुलाया गया था। ऐसे में फिलहाल केंद्र सरकार के इस विशेष सत्र की कार्यवाही और उसमें होने वाले निर्णयों का इंतजार किया जाएगा। उन्होंने दोहराया कि सदन में बहस पूरी होने और स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही राज्य सरकार अपना औपचारिक पक्ष रखेगी।


