रांची। चांदन द्वादशी के पावन अवसर पर बुधवार को अग्रसेन पथ स्थित श्री श्याम मंदिर में श्री श्याम मंडल, रांची की ओर से विशेष धार्मिक आयोजन किया गया। इस दौरान शाम 4:30 बजे खाटू नरेश श्री श्याम बाबा को खीर-चूरमा का भोग अर्पित किया गया। भोग के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन के दौरान पूरा मंदिर परिसर श्रद्धालुओं की मौजूदगी और भक्ति भाव से गुलजार रहा।

यजमान परिवार ने विधि-विधान से कराया पूजन
चांदन द्वादशी के अवसर पर आयोजित भोग कार्यक्रम के मुख्य यजमान शिव कटारुका ने अपने परिवार के साथ मिलकर श्री श्याम प्रभु को खीर-चूरमा का भोग अर्पित किया। इस दौरान उनके साथ मीना कटारुका, सिद्धार्थ कटारुका और इशिका कटारुका भी मौजूद रहे।
पूजा की शुरुआत श्री श्याम मंडल के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश बागला, मंत्री धीरज बंका और मुख्य यजमान द्वारा गणेश पूजन के साथ की गई। इसके बाद मंदिर परिसर में विराजमान वीर बजरंगबली और शिव परिवार की भी विधिवत पूजा-अर्चना की गई। देवी-देवताओं को विभिन्न प्रकार के फल और मिष्ठान अर्पित करने के बाद श्री श्याम प्रभु को खीर-चूरमा का भोग लगाया गया।
‘हारे के सहारे’ के जयकारों से गूंजा मंदिर
पूजा और भोग के दौरान श्रद्धालुओं ने पूरे भक्तिभाव के साथ श्री श्याम बाबा के जयकारे लगाए। ‘हारे के सहारे की जय’ और ‘लखदातार की जय’ के जयघोष से मंदिर परिसर गूंज उठा। श्रद्धालुओं में श्री श्याम प्रभु के प्रति विशेष आस्था और उत्साह देखने को मिला।
भोग अर्पित किए जाने के बाद भक्तों के बीच प्रसाद वितरण शुरू किया गया। श्री श्याम प्रभु के प्रिय माने जाने वाले खीर-चूरमा का प्रसाद लेने के लिए श्रद्धालु कतारबद्ध होकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।
मंदिर में ही तैयार किया गया खीर-चूरमा
श्री श्याम मंडल की ओर से बताया गया कि बुधवार को अर्पित किया गया खीर-चूरमा का भोग मंदिर परिसर में ही तैयार किया गया था। प्रसाद वितरण के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा गया।
मंडल के कार्यकर्ताओं ने मंदिर आने वाले भक्तों के लिए शुद्ध पेयजल की व्यवस्था की। इसके अलावा श्रद्धालुओं के चरण पादुका रखने के लिए भी उचित इंतजाम किया गया था। आयोजन के दौरान व्यवस्था बनाए रखने में मंडल के सदस्यों और कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
700 से अधिक श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
आयोजकों के अनुसार चांदन द्वादशी के अवसर पर आयोजित इस विशेष भोग कार्यक्रम में 700 से अधिक भक्तजनों ने खीर-चूरमा का प्रसाद ग्रहण किया। श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण करने के साथ श्री श्याम बाबा का दर्शन और पूजा-अर्चना भी की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रदीप अग्रवाल, जितेश अग्रवाल, गोपु सारस्वत, बालकिशन परसरामपुरिया, सर्वेश बागला और विवेक ढांढनीया सहित अन्य कार्यकर्ताओं का सहयोग रहा। श्री श्याम मंडल की ओर से श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया।



