हजारीबाग। दीपावली की रात जब पूरा शहर रोशनी से जगमगा रहा था, तब हजारीबाग के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल (SBMCH) का लेबर रूम अंधेरे और सन्नाटे में डूबा रहा। अस्पताल में प्रसव सेवाएं प्रभावित होने के कारण गर्भवती महिलाओं और उनके परिजनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

जानकारी के मुताबिक, सिजेरियन से प्रसव कराने वाली एक मरीज की मौत के बाद अस्पताल में हंगामा हुआ था। इसके विरोध में चिकित्सकों ने कार्य बहिष्कार कर दिया। इसका असर पिछले दो दिनों से लेबर रूम और ऑपरेशन थिएटर की सेवाओं पर पड़ा। आरोप है कि चिकित्साकर्मियों की मौजूदगी के बावजूद डॉक्टर ड्यूटी पर नहीं पहुंचे और प्रसव पीड़ा से परेशान महिलाएं इलाज के लिए भटकती रहीं।
दूसरे अस्पतालों का रुख करने को मजबूर हुए परिजन
सरकारी अस्पताल में सुरक्षित प्रसव की उम्मीद लेकर पहुंचे कई मरीजों के परिजनों को दूसरे अस्पतालों का रुख करना पड़ा। खासकर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के सामने इलाज की व्यवस्था करना मुश्किल हो गया।
दीपावली की रात अस्पताल में प्रसव सेवाओं का प्रभावित रहना आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि चिकित्सकों के कार्य बहिष्कार के दौरान गर्भवती महिलाओं और अन्य आपातकालीन मरीजों के इलाज की वैकल्पिक व्यवस्था क्यों नहीं की गई?


