जमशेदपुर/नई दिल्ली: गुरुवार की सुबह देश के दो अलग-अलग शहरों से सड़क हादसे की दर्दनाक खबर सामने आई। जमशेदपुर के मरीन ड्राइव पर कार और खड़े ट्रक की टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि ग्रेटर नोएडा के यमुना एक्सप्रेसवे पर चलती स्लीपर बस में आग लगने से 9 लोगों की जान चली गई। दोनों हादसों में कई परिवारों की खुशियां मातम में बदल गईं।
जमशेदपुर में खड़े ट्रक से टकराई कार, 4 की मौत
जमशेदपुर के मरीन ड्राइव पर गुरुवार तड़के करीब 3 बजे तेज रफ्तार सफेद कार सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत होने की सूचना है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग नींद से जाग गए। मौके पर पहुंचने पर ट्रक के पीछे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में मिली।
मृतकों में मंत्री की बेटी भी शामिल
हादसे में जान गंवाने वालों में झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह भी शामिल हैं। इसके अलावा मृतकों की पहचान सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता और वंशिका खंडेलवाल के रूप में बताई गई है।
बताया जा रहा है कि कार में दो युवक और दो युवतियां सवार थीं।
ग्रेटर नोएडा में स्लीपर बस बनी आग का गोला, 9 की मौत
उधर, ग्रेटर नोएडा के यमुना एक्सप्रेसवे पर भी गुरुवार को बड़ा हादसा हुआ। जेवर थाना क्षेत्र में दयानतपुर गांव के पास चलती स्लीपर बस में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
बस में करीब 40 से 50 यात्री सवार बताए जा रहे हैं। आग लगने के बाद कई यात्रियों ने जान बचाने के लिए बस से छलांग लगा दी। हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है।
फायर टीम ने आग पर पाया काबू
आग की सूचना मिलते ही फायर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बस में लगी आग बुझाने का काम शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इसके बाद बस को ठंडा करने की प्रक्रिया शुरू की गई।
बस के आग पकड़ने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
सीएम योगी ने लिया संज्ञान
ग्रेटर नोएडा बस हादसे पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
दोनों हादसों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। जमशेदपुर में जहां खड़े ट्रक से कार की टक्कर ने चार जिंदगियां छीन लीं, वहीं ग्रेटर नोएडा में चलती बस में लगी आग ने 9 लोगों की जान ले ली।
त्रिची-चेन्नई हाईवे पर भी भीषण हादसा…
इसी बीच तमिलनाडु के त्रिची-चेन्नई नेशनल हाईवे (NH-38) पर भी दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। पेरम्बलूर जिले के थुरैमंगलम के पास तेज रफ्तार कार आगे चल रही प्राइवेट ओम्निबस से जा टकराई। हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो महिलाओं समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं। बताया जा रहा है कि सभी लोग दोस्त के भाई की शादी में शामिल होकर चेन्नई लौट रहे थे। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
चलती बस अचानक बनी आग का गोला, 38 यात्रियों ने समय रहते कूदकर बचाई जान
हैदराबाद में श्रीशैलम जा रही एक निजी ट्रैवल बस में गुरुवार तड़के अचानक आग लग गई। करमनघाट हनुमान मंदिर के पास हुए इस हादसे में बस के अंदर 38 यात्री मौजूद थे। आग ने कुछ ही देर में बस को अपनी चपेट में ले लिया, लेकिन सभी यात्री समय रहते बाहर निकल गए। इससे बड़ा हादसा टल गया।
इसे भी पढ़े –ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह का सड़क हादसे में निधन



