रांची। राजधानी रांची में युवा सामाजिक एवं व्यापारिक संगठन जेसीआई की ओर से आयोजित बहुप्रतीक्षित ‘एक्सपो उत्सव 2026’ की शुरुआत हो चुकी है। सात दिनों तक चलने वाला यह व्यापार और मनोरंजन मेला 7 अक्टूबर तक चलेगा। इस वर्ष एक्सपो अपने 29वें संस्करण में पहुंच गया है। आयोजकों के मुताबिक मेले में देश के अलग-अलग शहरों से करीब 400 स्टॉल लगाए जा रहे हैं, जहां बड़े ब्रांड, स्टार्टअप, ऑटोमोबाइल, ड्राई फ्रूट्स और विभिन्न उत्पादों से जुड़े स्टॉल लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

नाइट मार्केट में कार्निवाल थीम ने बढ़ाया उत्साह
3 अक्टूबर की रात एक्सपो परिसर में विशेष नाइट मार्केट का आयोजन किया गया। रात 9 बजे से 12 बजे तक सभी स्टॉल खुले रहे। इस दौरान एक्सपो को कार्निवाल थीम में सजाया गया, जहां जोकर और फायर जगलर जैसे कलाकारों ने लोगों का मनोरंजन किया।
नाइट मार्केट में शहर के विभिन्न सामाजिक संस्थानों से जुड़े प्रतिनिधियों ने भी परिवार के साथ पहुंचकर मेले का आनंद लिया। आयोजकों के अनुसार लोगों ने एक्सपो की व्यवस्थाओं और आयोजन की सराहना की।
400 स्टॉल में देशभर के ब्रांड और स्टार्टअप
एक्सपो के चीफ कोऑर्डिनेटर जेसी एचजीएफ सीए प्रशांत पाटोदिया ने बताया कि सात दिनों के इस आयोजन में देश के अलग-अलग शहरों से करीब 400 स्टॉल लगाए जा रहे हैं। सभी स्टॉल वातानुकूलित हैं।
मेले में बड़े ब्रांड के साथ स्टार्टअप, ऑटोमोबाइल, ड्राई फ्रूट्स और अन्य उत्पादों से जुड़े कारोबारियों को भी जगह दी गई है। इसका उद्देश्य व्यापारियों को एक मंच उपलब्ध कराने के साथ रांची के लोगों को अलग-अलग उत्पाद और सेवाएं एक ही जगह उपलब्ध कराना है।
पिंक हैंगर में महिला उद्यमियों को खास मंच
इस बार एक्सपो में महिला उद्यमियों के लिए अलग ‘पिंक हैंगर’ तैयार किया गया है। इसमें केवल महिला उद्यमियों को स्टॉल उपलब्ध कराया गया है। आयोजकों के अनुसार इसके जरिए महिलाओं को अपने उत्पाद और कारोबार को बड़े स्तर पर प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है।
बच्चों के लिए एक्सपो परिसर में एम्यूजमेंट पार्क भी बनाया गया है, जहां अलग-अलग तरह के झूले लगाए गए हैं। इससे परिवार के साथ पहुंचने वाले लोगों के लिए खरीदारी के साथ मनोरंजन की भी व्यवस्था की गई है।
अतिथियों ने बढ़ाया युवा सदस्यों का उत्साह
एक्सपो का भ्रमण गांडेय विधायक कल्पना सोरेन की माताजी सिंघू मुर्मू, CA राजेश शर्मा, सेंट्रल काउंसिल सदस्य ICAI, CA ज्ञानचंद मिश्रा, नेशनल काउंसिल सदस्य ICAI और सुदेश कुमार, नजारत जिला कलेक्टर ने किया।
अतिथियों ने जेसीआई के युवा सदस्यों से मुलाकात कर आयोजन की तैयारियों की सराहना की और उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस दौरान अतिथियों को दुपट्टा और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित भी किया गया।
नेत्र जांच शिविर में करीब 50 लोगों ने कराई जांच
जेसीआई की ओर से सेवा प्रकल्प के तहत एक्सपो परिसर में नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर भी लगाया गया। आयोजकों के अनुसार करीब 50 लोगों ने शिविर में अपनी आंखों की जांच कराई। यह शिविर 4 अक्टूबर को भी आयोजित किया जाएगा।
इसके अलावा 3 अक्टूबर को एक्सपो परिसर में डॉग शो और ‘वॉयस ऑफ एक्सपो’ प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। डॉग शो में कुल 17 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। वहीं वॉयस ऑफ एक्सपो प्रतियोगिता में 40 प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई।
आने वाले दिनों में डांस, योग और भजन कार्यक्रम
एक्सपो में आने वाले दिनों में भी कई प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 4 अक्टूबर को एक्सपो टैंक और डांस प्रतियोगिता, 5 अक्टूबर को योगा प्रतियोगिता तथा बुटिक्स एक्सपो फैशन शो और 6 अक्टूबर को भजन जैमिंग कार्यक्रम आयोजित होगा।
भजन जैमिंग में बाहर से आए कलाकार भजनों की प्रस्तुति देंगे। आयोजकों के अनुसार एक्सपो में होने वाले कार्यक्रमों के लिए QR कोड के माध्यम से रजिस्ट्रेशन किया जा सकता है। इसके अलावा एंट्री टिकट की बुकिंग भी QR कोड के जरिए की जा सकती है।
आयोजन को सफल बनाने में जुटी पूरी टीम
एक्सपो उत्सव 2026 के आयोजन में जेसीआई के अध्यक्ष जेसी अभिषेक जैन, सचिव जेसी साकेत अग्रवाल सहित विभिन्न पदाधिकारी और सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। को-ऑर्डिनेटर्स में जेसी सौरभ जालान, जेसी राहुल टिबरेवाल, जेसी सौरव नारेड़ी, जेसी सीए दीपक पटेल, जेसी ऋषभ जालान और जेसी अनिमेश निखिल समेत अन्य सदस्य शामिल हैं।
लेडीज विंग की ओर से जेसीरेट तृष्णा अग्रवाल, जेसीरेट खुशबु सिंघानिया और जेसीरेट नलिनी जैन भी आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। एक्सपो से जुड़ी जानकारी मीडिया प्रभारी जेसी वरुण जालान ने साझा की।


