दुमका: दुमका नगर थाना पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। करीब पांच साल पहले जब्त की गई एक बाइक के बारे में हाईकोर्ट में पुलिस की ओर से बताया गया कि संबंधित नंबर की बाइक थाने में मौजूद ही नहीं है। इसके बाद जब बाइक की दोबारा तलाश शुरू हुई तो वह थाने के आसपास ही एक गड्ढे में जर्जर हालत में पड़ी मिली। बाइक के चारों तरफ झाड़ियां उग चुकी थीं।
एक ही बाइक को लेकर पहले उसके थाने में नहीं होने की जानकारी और बाद में उसी के थाने के आसपास से बरामद होने की बात सामने आने के बाद हाईकोर्ट ने नाराजगी जताई। मामले में कार्रवाई करते हुए डीआईजी ने दुमका नगर थाना प्रभारी अशोक राम को निलंबित कर लाइन हाजिर कर दिया।
पांच साल पहले जब्त हुई थी बाइक
जानकारी के अनुसार, नगर थाना के सामने पेट्रोल पंप के पीछे रहने वाले विमान काहली की बाइक करीब पांच साल पहले पुलिस ने जब्त की थी। परिवहन विभाग की ओर से बाइक का चालान भी काटा गया था। हालांकि, वाहन मालिक की ओर से कोर्ट से बाइक मुक्त कराने की प्रक्रिया नहीं की गई थी।
इसके बाद मामला हाईकोर्ट तक पहुंचा। अदालत की ओर से बाइक की स्थिति और उसके मौजूद होने की जानकारी मांगी गई।
थाने में नहीं है बाइक…
मामले में आरोप है कि बाइक की गंभीरता से तलाश कराने के बजाय थाना स्तर से अदालत को जानकारी दी गई कि संबंधित नंबर की कोई बाइक थाने में मौजूद नहीं है।
यहीं से मामले ने नया मोड़ लिया।
बाद में नगर थाना में पदस्थापित पुलिसकर्मियों ने बाइक की तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान जो सामने आया, उसने पहले दी गई पुलिस रिपोर्ट पर ही सवाल खड़े कर दिए।
थाने के आसपास गड्ढे में मिली बाइक
पुलिस की तलाश में वही बाइक थाने के आसपास एक गड्ढे में पड़ी मिली। बाइक लंबे समय से खुले में पड़ी थी और उसकी हालत जर्जर हो चुकी थी। उसके चारों ओर झाड़ियां तक उग गई थीं।
बाइक मिलने के बाद थाना प्रभारी की ओर से अदालत को इसकी जानकारी दी गई।
यानी जिस बाइक के बारे में पहले अदालत को बताया गया था कि वह थाने में मौजूद नहीं है, वही बाइक बाद में थाना परिसर के आसपास से ही मिल गई।
हाईकोर्ट की नाराजगी के बाद गिरी गाज
बाइक की स्थिति और पुलिस की ओर से पहले दी गई जानकारी को लेकर हाईकोर्ट ने नाराजगी जताई। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी ने दुमका नगर थाना प्रभारी अशोक राम के खिलाफ कार्रवाई की।
उन्हें निलंबित कर लाइन हाजिर कर दिया गया है।

पूरे घटनाक्रम ने जब्त वाहनों के रखरखाव और उनके रिकॉर्ड को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। खास तौर पर यह सवाल सामने आया है कि पांच साल पहले जब्त की गई बाइक थाने के रिकॉर्ड में होने के बावजूद आखिर उसकी लोकेशन की सही जानकारी अदालत को क्यों नहीं दी गई। अब कार्रवाई के बाद इस पूरे मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली और जवाबदेही पर भी नजर रहेगी।
इसे भी पढ़े – अपराध की जांच में अब मोबाइल खोलेगा राज, धनबाद पुलिस को सिखाई गई डिजिटल सबूतों की फॉरेंसिक जांच


