रांची। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर मोरहाबादी मैदान में होने वाले भव्य आयोजन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी सिलसिले में श्री कृष्ण जन्मोत्सव आयोजन समिति, मोरहाबादी के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की और उन्हें आयोजन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।
कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में हुई मुलाकात के दौरान समिति के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को 3 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाले ‘बाल गोपाल’ कार्यक्रम और 4 सितंबर 2026 को मोरहाबादी मैदान में होने वाली दही हांडी फोड़ प्रतियोगिता, भजन संध्या एवं रासलीला समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का सादर निमंत्रण दिया।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर बाल गोपाल, दही हांडी फोड़ प्रतियोगिता समेत विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया जा रहा है। आयोजन को लेकर समिति की ओर से तैयारियां की जा रही हैं।
मुलाकात के दौरान समिति के मुख्य संरक्षक राजीव रंजन प्रसाद, अध्यक्ष विनोद गोप, संरक्षक डॉ. राजेश गुप्ता और डॉ. कुमार राजा, सचिव रोहित सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष राहुल किट्टू सिंह, महासचिव मनोज गुप्ता, संयुक्त सचिव नरेंद्र सिंह समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।
इसे भी पढ़े – संताली भाषा के मुद्दों पर CM से मिले छात्र संगठन, हेमंत सोरेन ने दिया पहल का भरोसा


