हाथ में चाय का कप, चेहरे पर बेफिक्री और खुलकर हंसने का अंदाज… आज लोग उन्हें ‘लाफिंग बॉय’ के नाम से जानते हैं। लेकिन इस हंसी के पीछे संघर्ष और मुश्किलों से भरी एक कहानी छिपी है।
तेलंगाना के रहने वाले अरुण का बचपन आर्थिक तंगी के बीच गुजरा। परिवार की जिम्मेदारियों के चलते उन्हें छोटी उम्र में ही काम करना पड़ा। हालात ऐसे थे कि चौथी कक्षा के बाद उनकी पढ़ाई छूट गई और परिवार का सहारा बनने के लिए उन्होंने मेहनत-मजदूरी शुरू कर दी।
ट्रक क्लीनर के तौर पर शुरू हुआ सफर
अरुण की मुलाकात नेहरू नाम के एक ट्रक ड्राइवर से हुई, जिन्होंने उन्हें अपने साथ क्लीनर का काम दिया। इसके बाद अरुण ट्रक में सामान की देखभाल करने और लंबे सफर में ड्राइवर की मदद करने लगे। इस दौरान दोनों के बीच अच्छी दोस्ती हो गई। सफर के दौरान बातचीत और मस्ती के साथ दोनों इंस्टाग्राम रील्स भी बनाया करते थे।
एक कप चाय और हंसी ने बदल दी जिंदगी!
एक दिन नेशनल हाईवे के किनारे चाय की दुकान पर रुके दोनों दोस्तों के बीच किसी बात पर हंसी-मजाक हुआ। इसी दौरान अरुण जोर-जोर से हंसने लगे। उनकी बेफिक्र और स्वाभाविक हंसी नेहरू को इतनी पसंद आई कि उन्होंने मोबाइल में उनका वीडियो रिकॉर्ड कर लिया और सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया।
इसके बाद जो हुआ, उसने अरुण की जिंदगी को नई पहचान दे दी। वीडियो तेजी से वायरल हो गया और उनकी हंसी मीम्स का हिस्सा बनने लगी। देखते ही देखते अरुण का चेहरा इंटरनेट पर मशहूर हो गया। आज लाखों लोग उन्हें उनके नाम से भले न जानते हों, लेकिन उनकी हंसी से जरूर पहचानते हैं।
चौथी क्लास के बाद छूटी पढ़ाई, ट्रक क्लीनर से बने इंटरनेट सेंसेशन… अरुण की कहानी बताती है कि कभी-कभी जिंदगी का एक छोटा सा पल भी किसी की पहचान बदल सकता है।
