Thursday, November 5

25 अक्टूबर और 26 अक्टूबर के बाद 5 नवंबर को फिर टावर पर चढ़ी युवती, प्रेमी को जेल से बाहर निकालने और उससे शादी कराने की मांग पर अड़ी; मनातू पुलिस समझाने में जुटी

पलामू। प्रेमी से शादी की जिद और उसे जेल से बाहर निकलवाने की मांग को लेकर पलामू में एक युवती का हाई-वोल्टेज ड्रामा एक बार फिर सामने आया है। मनातू थाना क्षेत्र के पदमा इलाके में गुरुवार, 5 नवंबर को युवती तीसरी बार मोबाइल टावर पर चढ़ गई। इससे पहले भी वह दो बार इसी तरह टावर पर चढ़कर अपनी मांगों को लेकर पुलिस और प्रशासन का ध्यान खींच चुकी है। सूचना मिलते ही मनातू थाना प्रभारी विक्की कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए समझाने का प्रयास शुरू किया।

शादी की मांग से शुरू हुआ विवाद, यौन शोषण के आरोप तक पहुंचा मामला

दरअसल, युवती ने अपने प्रेमी के साथ शादी करने की इच्छा जताते हुए थाने में आवेदन दिया था। इसके बाद 25 अक्टूबर को वह पहली बार मोबाइल टावर पर चढ़ गई। अगले ही दिन यानी 26 अक्टूबर को उसने दोबारा टावर पर चढ़कर हंगामा किया। इस दौरान युवती ने अपने प्रेमी पर यौन शोषण का आरोप लगाया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं, युवती को उसकी सुरक्षा और देखभाल के लिए सखी वन स्टॉप सेंटर भेजा गया था।

सेंटर से घर लौटी और फिर टावर पर पहुंच गई युवती

सखी वन स्टॉप सेंटर से निकलने के बाद युवती अपने घर पहुंची, लेकिन गुरुवार को एक बार फिर उसने वही कदम उठाया। तीसरी बार मोबाइल टावर पर चढ़ने की सूचना से इलाके में हलचल मच गई। युवती की मांग है कि उसके प्रेमी को जेल से बाहर निकाला जाए और उससे शादी कराई जाए। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी विक्की कुमार उसे नीचे उतरने के लिए लगातार समझाने में जुटे हैं।

सोशल मीडिया स्टार बनने की भी जताती है इच्छा

बताया जा रहा है कि युवती खुद को सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बताती है और सोशल मीडिया पर पहचान बनाना चाहती है। फिलहाल पुलिस का पूरा ध्यान युवती को सुरक्षित नीचे उतारने और मामले को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने पर है।

मनातू थाना प्रभारी विक्की कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि युवती को टावर से नीचे उतारने का प्रयास किया जा रहा है। पूरे मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर पुलिस के सामने चुनौती खड़ी कर दी है। अब देखना होगा कि युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के बाद पुलिस इस मामले को किस तरह आगे बढ़ाती है।

Share.
Next Story
युवा झारखंड में आज भी खटिया बन रही एंबुलेंस…सड़क के अभाव में 4 किलोमीटर तक कंधों पर ढोई जा रही गर्भवती महिलाएं
Exit mobile version