पोटमदगा गांव में छह ठिकानों पर छापेमारी, 1000 किलो जावा महुआ जब्त
रामगढ़: जिले में अवैध शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग ने कार्रवाई की है। मंगलवार को रजरप्पा थाना क्षेत्र के पोटमदगा गांव में छह अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की गई। इस दौरान करीब 100 लीटर अवैध चुलाई शराब और 1000 किलोग्राम जावा महुआ बरामद किया गया।यह कार्रवाई उपायुक्त ऋतुराज के निर्देश पर सहायक आयुक्त उत्पाद के नेतृत्व में गुप्त सूचना के आधार पर की गई। छापेमारी के दौरान टीम ने अवैध शराब के साथ उसके निर्माण में इस्तेमाल होने वाले फर्मेंटेड जावा महुआ को भी जब्त किया।
उत्पाद विभाग के अनुसार, मामले में संलिप्त लोगों की पहचान की जा रही है। उनके खिलाफ उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।छापेमारी दल में उत्पाद विभाग के अवर निरीक्षक अमित किशोर प्रसाद सहित गृह रक्षा वाहिनी के जवान शामिल थे। जिला प्रशासन ने कहा है कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। इस कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
